इंदौर के पास मानपुर क्षेत्र में मुंबई-आगरा फोरलेन पर सोमवार सुबह दो ट्रकों में आग लग गई। इसकी लपटें और धुएं का गुबार एक किमी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, वहीं पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करने की कवायद की। आग लगने के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद यातायात सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।
देखिए तस्वीरें

आग का धुआं करीब एक किमी दूर से दिखाई दे रहा था।

दोनों ही ट्रक कुछ ही देर में पूरी तरह जल गए।
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर के मुताबिक, जुलवानिया से इंदौर की ओर एक ट्रक आ रहा था, जिसमें ऑयल पेंट भरा था। ड्राइवर चाय पीने के लिए एक ढाबे पर रुका, उसके पीछे भी एक वाहन आकर खड़ा हो गया, तभी ऑयल पेंट वाले ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। उसने पीछे खड़े ट्रक को भी चपेट में ले लिया।
लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश
देखते ही देखते दोनों वाहन आग का गोला बन गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, तभी मौके पर पहुंची मानपुर और महू की फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।