नववर्ष और न्यू ईयर पर पर्यटन भारी: भोपाल से उज्जैन-ओंकारेश्वर-पचमढ़ी टैक्सी किराया 1000 तक महंगा, एमपी टूरिज्म के सभी कमरे फुल

नववर्ष के मौके पर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा इस बार आम लोगों के लिए महंगी साबित हो रही है। भोपाल से उज्जैन, ओंकारेश्वर और पचमढ़ी जाने वाली टैक्सियों के किराए में अचानक उछाल देखने को मिल रहा है। आम दिनों की तुलना में प्रति ट्रिप किराया करीब 1000 रुपये तक अधिक वसूला जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इन सभी स्थलों पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (एमपीटीडीसी) के होटल पूरी तरह फुल हो चुके हैं।

आमतौर पर भोपाल से उज्जैन का टैक्सी किराया 2000 से 2500 रुपए, पचमढ़ी के लिए 2200 से 2500 रुपए और ओंकारेश्वर के लिए 2800 से 3200 रुपए के बीच रहता है। लेकिन नववर्ष के पीक सीजन में यही किराया बढ़कर उज्जैन और पचमढ़ी के लिए 3000 से 3500 रुपए, ओंकारेश्वर के लिए 3800 से 4200 रुपए तक पहुंच गया है।

टैक्सी संचालकों का कहना है कि नववर्ष पर मांग बढ़ने, सीमित वाहनों की उपलब्धता और लगातार ट्रिप के दबाव के कारण किराया बढ़ाना मजबूरी है।

पचमढ़ी में सबसे ज्यादा दबाव

पचमढ़ी में पर्यटकों का सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिल रहा है। यहां एमपीटीडीसी की 11 यूनिट्स हैं, जिनमें 180 से 190 कमरे हैं। नववर्ष को लेकर ये सभी कमरे फुल हो चुके हैं। निजी होटल भी 60% तक बुक हैं। आम दिनों में जहां एक कमरे का किराया 4500 से 5000 रुपये रहता है, वहीं नए साल में किराया 6500 से 7000 तक पहुंच गया है।

उज्जैन-ओंकारेश्वर में भारी भीड़, नहीं मिल रही कमरों की बुकिंग

महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए उज्जैन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां एमपीटीडीसी के तीन प्रमुख होटल, जिनमें 100 से अधिक कमरे हैं, पूरी तरह भर चुके हैं। निजी होटल और धर्मशालाओं में भी कमरे सीमित बचे हैं और किराए में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसी तरह ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। यहां एमपीटीडीसी के सीमित होटल और करीब 50 से 60 कमरे पहले ही फुल हो चुके हैं।

अन्य धार्मिक स्थलों पर भी परेशानी

महेश्वर और मैहर माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी ठहरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई श्रद्धालुओं को मजबूरी में कटनी और आसपास के कस्बों में रुकना पड़ रहा है। वहीं भोपाल से नए साल के पहले दिन सीहोर के गणेश मंदिर, भोजपुर और सलकनपुर जाने वालों की भीड़ के कारण यहां के होटल और लॉज भी बुक बताए जा रहे हैं।

प्रदेश के बाहर भी यही हाल

गोवा, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी नए साल को लेकर यही स्थिति है। फ्लाइट और होटल किराए में तेज बढ़ोतरी के चलते कई लोग यात्रा में बदलाव करने को मजबूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *