मुरैना जिले के अंबाह में रविवार को किन्नर गुरु राबिया के घर 10 से 12 हथियारबंद डकैत करीब पौने दो घंटे तक उत्पात मचाते रहे। बदमाशों ने रेप के उद्देश्य से उनके कपड़े भी उतरवाए। अश्लील हरकत की।घटना के वक्त घर में मौजूद चारों किन्नर घटना को याद कर सहम जाते हैं।
दरअसल, दौहरी रोड के पास 2500 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बना है। यहां गुरु राबिया अपने चेले श्री शर्मा, राधिका और रिया के साथ रहती हैं। घर के चारों तरफ खेत हैं। रविवार को टीम ने यहां पहुंचा मौके का जायजा लिया

सम्मेलन में जाने के लिए निकाले थे रुपए और गहने रविवार दोपहर के तीन बजे हैं। करीब 30 साल की सुर्ख लाल नाइटी और काली शॉल ओढ़े किन्नर गुरु राबिया अपने डेरे में पूजा वाले कमरे में बैठी हैं। उनके चेले कुछ खा लेने की गुजारिश कर रहे हैं, लेकिन वो मना कर देती हैं। पहले सिर पीटती और फिर ताली बजाते हुए कहती हैं- लुट गए हम। अब तो कुछ दिन खाने-पीने तक के लाले पड़ने वाले हैं।
राबिया कहती हैं- अरे! हम लोगों को तो आज दिल्ली जाना था। वहां, रोहिणी के रामलीला मैदान में हम लोगों का बड़ा सम्मेलन चल रहा है। उसके लिए ही सोने-चांदी के गहने और रुपए निकालकर रखे थे।
शनिवार को दिनभर शहर में घूमकर जो नेग मिला, उसे लेकर मैं और चेले शाम करीब 6 बजे डेरे पर आ गए थे। थोड़ी बहुत गपशप के बाद सात-साढ़े सात बजे के करीब शाम की पूजा की। फिर एकाध घंटे बाद खाना खाया। बातें करने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए।

बदमाश ने मेरे कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया गुरु राबिया कहती हैं कि रात के करीब पौने 3 बज रहे होंगे। मुझे दरवाजा खटकने की आवाज सी आई। मैंने पूछा कौन है? बाहर से राधिका की आवाज आई। वो कह रही थी। मम्मा, गुरु दरवाजा खोलो। मैंने सोचा, ये इतनी जल्दी क्यों जाग गई।
जैसे ही दरवाजा खोला। बाहर बदमाश खड़े थे। उन्हें देखकर दरवाजा वापस बंद करने की कोशिश की, लेकिन वे धक्का देते हुए कमरे में घुस आए। एक बदमाश ने मेरी कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया।
दूसरा बदमाश राधिका के सिर से बंदूक ताने खड़ा था। इसके बाद दो-तीन बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर अलमारी की चाबी मांगी। अलमारी में से 20-22 तोले सोने के गहने, चांदी और रुपए अपने साथ लाए झोलों में भर लिए। बदमाशों ने सोना नहीं इस शहर की इज्जत पर डाका डाला है।
उन्होंने मुझसे बाहर चलने को कहा। जैसे ही हॉल में आई तो देखा तीनों चेले रस्सी से बंधे पड़े थे। बदमाश उनके ऊपर भी बंदूक ताने खड़े थे। इतने में दो बदमाशों ने मेरे हाथ-पैर भी बांध दिए। इसी दौरान उनमें से एक ने कुछ मजा देने की बात कही। कहने लगे कि ये नकली किन्नर लग रहे हैं। ये औरत जैसे हैं। इन्हें चेक करो।
हम लोगों ने कसम खाई, लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। बारी-बारी से हमारे कपड़े उतारे। अश्लील हरकतें कीं। हमारे शरीर पर काटा। प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की। हम बेबस सब कुछ सहन करते रहे। शुक्र है कि हम सब किन्नर ही हैं, अगर कोई नकली हमारे साथ होता तो न जाने वे क्या करते।
उनमें से दो लोग आपस में फौजी और रवि कहकर एक-दूसरे को पुकार रहे थे। एक कह रहा था। देखो कोई गरिया (आदमी) तो नहीं है। जब उन्होंने गरिया कहा तो मुझे अजीब लगा, क्योंकि गरिया तो आदमी को हम किन्नर कहते हैं।

बिस्तर पर पटक कर भागे बदमाश गुरु राबिया कहती हैं कि इसके बाद बदमाशों ने हमारे साथ घिनौनी हरकतें की। 20-22 तोला सोना और चांदी ले गए। उन्होंने चारों के मोबाइल ले लिए। कहने लगे कि ये हम लेकर नहीं जाएंगे। हमारे जाने के बाद तुम्हारी गाड़ी के नीचे मिल जाएंगे। इसके बाद मेन गेट से भाग गए।
उन्होंने मेरे हाथ-पैर बांध पलंग पर उलटा पटक कंबल डाल दिया। जाते-जाते बाहर से कुंडी लगा दी। करीब 30-40 मिनट हम चारों इसी हालत में बिस्तर पर ही पड़े रहे। जब लगा कि बदमाश चले गए हैं तो हाथ खोलने के लिए एक-दूसरे के नजदीक आए। बमुश्किल एक-दूसरे के हाथ खोले।
हम लोग घर के दूसरे दरवाजे से बाहर निकले। सुबह करीब 4.30 बजे कुछ दूर राठौर कॉलोनी के लोगों से मदद मांगी। उनके कहने पर डायल 112 पर कॉल पर पुलिस को सूचना दी।
सुबह करीब 5 बजे पुलिस और पड़ोसियों के साथ वापस पहुंचे तो देखा कि बदमाश सीढ़ी के सहारे पहले डेरे की छत पर चढ़े। वे अपने साथ गैस कटर भी लाए थे, जिससे उन्होंने छत से नीचे आने वाले दरवाजे का ताला काटा। फिर हॉल में आ गए। जहां रिया और श्री सो रही थीं।

हमारे हाथ-पैर बांधे, उलटा लेटाकर कंबल डाल दिया राबिया के चले श्री शर्मा बताती हैं कि रात करीब दो-ढाई बज रहे होंगे। मैं और रिया जमीन पर गद्दे पर सो रहे थे। किसी ने हमें हिलाया तो नींद खुली। देखा तो आठ-दस बदमाश खड़े हैं। सबके चेहरों पर नकाब था। सभी हथियार लिए हुए थे। इतने में ही रिया की नींद खुल गई। वो चिल्लाने लगी तो एक बदमाश ने उसके मुंह में ही बंदूक डाल दी। वो बोला, चिल्लाए तो मार डालेंगे। इसके बाद उन्होंने दोनों के हाथ-पैर बांध दिए। गद्दे पर उलटा लेटाकर कंबल डाल दिया।
बदमाशों ने सभी कमरों की तलाशी लेकर राधिका को जगाया। राधिका ने भी चिल्लाने की कोशिश की तो उसके मुंह में भी बंदूक घुसा दी। उन्होंने राधिका के सिर्फ हाथ बांधे थे। उसके कमरे की तलाशी लेने के बाद वे उसे ही लेकर गुरु के कमरे तक पहुंचे और दरवाजा खुलवाया।

अंबाह की इज्जत के लिए रखा था सोना घर में 22 तोला सोना, चार किलो चांदी और करीब चार लाख रुपए होने की वजह भी राबिया ने बताई है। वे कहती हैं कि ये दिल्ली में अंबाह की इज्जत रखने के लिए था। हम लोगों का दिल्ली में सम्मेलन चल रहा है। जो किन्नर जितना सोना पहनकर जाए, उसकी और जहां से वो आए हैं, उस शहर की धाक रहती है। इस सोने के गहने पहनकर हम दिल्ली में अंबाह की इज्जत बढ़ाते। हर शहर का किन्नर ऐसा ही करता है। इससे लोगों की दिलदारी की पहचान होती है। सोना हम खरीदते नहीं, बल्कि लोग खुशी के मौके पर नेग में देते हैं।
फिर धीरे से चोरों को गाली देते हुए कहती हैं… मुएं सब ले गए। कुछ नहीं छोड़ा। मेरी तरफ देखते हुए बोलीं- बताओ तो… उनको तो हमारे हिजड़ा होने पर भी शक था।

हमारे गुरुओं ने लिए थे पांच प्लॉट राबिया कहती हैं, हम लोगों की जिंदगी अलग तरह की है। किसी को हमसे परेशानी न हो, इसलिए शहर से दूर दौहरी रोड से लगे खेतों में डेरा बनवाया है। यहां हमारे गुरुओं ने पांच प्लॉट लिए थे। क्या पता था कि लोगों को दुआएं देकर कमाने-खाने वालों के साथ भी ऐसा हो सकता है।
अंबाह से लगे 200 गांव राबिया के अंडर में गुरु राबिया किन्नर के पास अंबाह क्षेत्र के करीब 50 पंचायत के 200 गांव हैं। इन्हीं में नेग लेने का काम राबिया और उनके चेले करते हैं। राबिया किन्नर के गुरु काजल किन्नर की साल 2020 में मौत होने के बाद राबिया को गुरु की उपाधि मिली। उस दौरान आसपास के किन्नरों ने राबिया का संस्कार कराया था