पहली बार उम्र में भाजपा से छोटे नितिन नवीन बने पार्टी के मुखिया… कौशल किशोर चतुर्वेदी

पहली बार उम्र में भाजपा से छोटे नितिन नवीन बने पार्टी के मुखिया…
भारतीय जनता पार्टी की उम्र से छोटे नितिन नवीन निर्विरोध बीजेपी के अध्यक्ष चुने गए हैं। नितिन नवीन 45 वर्ष के हो चुके हैं और भाजपा के सबसे कम उम्र के पार्टी अध्यक्ष बनने वाले पहले नेता हैं। 6 अप्रैल 1980 को स्थापित हुई भारतीय जनता पार्टी की उम्र 45 साल 9 महीने 13 दिन है। तो नितिन नवीन की उम्र इससे कम ही है। पार्टी के गठन के बाद पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर 11वें अध्यक्ष जेपी नड्डा तक सभी का जन्म 1980 से बहुत पहले ही हुआ था। सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बनने वालों में 2016 में 50 साल के अमित शाह का नाम दर्ज है।
तो अब नितिन नवीन भाजपा के 12वें अध्यक्ष हैं। नितिन नवीन दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के नाम का प्रस्ताव करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल थे। सभी 37 नामांकन पत्र वैध पाए गए। नितिन नवीन के नामांकन में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण को कागजात का पहला सेट सौंपा, जबकि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और कई राज्यों के नेताओं द्वारा अतिरिक्त नामांकन प्रस्तुत किए गए, जो नवीन के लिए समर्थन की व्यापकता को रेखांकित करता है। मध्य प्रदेश से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
सहित अन्य नेता भी प्रस्तावकों में शामिल रहे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से मिलकर बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस पूरे प्रकिया की देखरेख पार्टी के राष्ट्रीय प्रतिवेदक द्वारा की जाती है। किसी राज्य के निर्वाचक मंडल के कोई भी 20 सदस्य संयुक्त रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए ऐसे व्यक्ति का नाम प्रस्तावित कर सकते हैं जो चार कार्यकाल तक पार्टी का सक्रिय सदस्य रहा हो और उसकी सदस्यता के 15 साल हो चुके हों। लेकिन ऐसा संयुक्त प्रस्ताव कम-से-कम पांच ऐसे राज्यों से आना चाहिए, जहां राष्ट्रीय परिषद के लिए चुनाव हो चुके हों।
नितिन नवीन एक वरिष्ठ भारतीय राजनीतिज्ञ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। वे बिहार विधानसभा के पांच बार सदस्य रह चुके हैं और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। वे अपनी संगठनात्मक कुशलता और प्रशासनिक अनुभव के लिए व्यापक रूप से जाने जाते हैं। उनका जन्म 23 मई, 1980 को रांची, झारखंड में स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा और मीरा सिन्हा के घर हुआ था। नितिन नवीन ने कम उम्र में ही चुनावी राजनीति में प्रवेश किया और पहली बार 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। 2010 से वे लगातार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होते रहे हैं, और 2010, 2015, 2020 और 2025 में जीत हासिल कर लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सड़क निर्माण, शहरी विकास एवं आवास और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभागों का भी कार्यभार संभाला है।
अपने विधायी करियर के साथ-साथ, उन्होंने पार्टी संगठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जहां उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदों पर कार्य किया है। उन्हें सिक्किम और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। उन्होंने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग 84,000 वोटों से जीत हासिल की। पिछले चुनाव में उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को भारी अंतर से हराया था। 2 मार्च 2017 को, नवीन ने बिहार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता अब्दुल जलील मस्तान के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया और उनकी नागरिकता पर सवाल उठाया।मस्तान ने कथित तौर पर एक रैली में भीड़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को जूतों से मारने के लिए कहा था। वह भाजयुमो बिहार के प्रदेश अध्यक्ष थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के भरोसेमंद माने जाने वाले नवीन, जेपी नड्डा की जगह लेंगे और पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी में नवीन युग की शुरुआत हो रही है। मोदी- शाह ने सारे कयासों पर विराम लगाते हुए दिसंबर में नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर यह संदेश दे दिया था कि पार्टी अब नवीन युग में जा रही है। मध्य प्रदेश के कुशाभाऊ ठाकरे भाजपा के सबसे उम्रदराज अध्यक्ष बने थे तो बिहार की माटी ने भाजपा को सबसे युवा अध्यक्ष दे दिया है। शायद अपने से कम उम्र का पहला अध्यक्ष पाकर पार्टी भी खुश है और युवा कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर है… पूरे देश की नजरें अब भाजपा के नवीन युग की तरफ हैं।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं