
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में पढ़ने वाले कक्षा 10 के एक छात्र ने अपने साथी की स्कूल में ही गोली मारकर हत्या कर दी है. बताया जा रहा है कि क्लास में कुर्सी हटाने को लेकर दोनों में विवाद हो गया था, जिसके बाद हत्यारोपित छात्र ने अपने चाचा की लाइसेंसी पिस्तौल से सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है और उससे जानकारी ले रही है। इस संबंध में अभी कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले कि जांच की जा रही है और उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
कैसे शुरू हुआ विवाद
बुलंदशहर के गांव आंचरुकला के रहने वाला 14 वर्षीय टार्जन पुत्र रवि कुमार सूरजभान सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज में 10वीं में पढ़ता था। गुरुवार को जब वह स्कूल पहुंचा तो क्लास शुरू होने से पहले टार्जन के एक सहपाठी ने उसे एक बेंच उठाकर दूसरी जगह रखने को कहा। बस इतनी-सी बात पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया।
बैग में रख कर लाया था पिस्टल
कुछ देर बाद दोनों का झगड़ा बंद हो गया। सबको लगा बात खत्म हो गई, लेकिन फिर टार्जन के सहपाठी ने अपने स्कूल बैग से पिस्टल निकाली और एक के बाद एक दो गोलियां टार्जन पर दाग दीं। गोलियां लगने के बाद टार्जन की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रधानाचार्य की तत्परता से आरोपी पकड़ा गया
गोली चलने से पूरे क्लास में भगदड़ मच गई। इन्हीं सब का फायदा उठाकर आरोपी छात्र भी वहां से भाग निकला। लेकिन समय रहते सूचना मिलने के चलते प्रधानाचार्य ने स्कूल का मुख्य गेट बंद करा दिया, जिसके चलते आरोपी को हत्या में इस्तेमाल पिस्टल के साथ पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया है।