सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के नागौद मंडल अध्यक्ष द्वारा एक युवती व उसकी मां के साथ मारपीट, बदसलूकी करने का मामला सामने आने के बाद सियासी हलकों में खलबली मच गई है। युवती को दौड़ाकर थप्पड़ मारने का सीसीटीवी फुटेज वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया।
युवती के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष ने की मारपीट
वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित महिला चंद्रलेखा अवधिया, जो भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी हैं, अपनी बेटी आस्था के साथ थाने पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई। पीड़िताओं ने पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने और आरोपित मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई न करने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

हालांकि बढ़ते दबाव और वायरल फुटेज के बाद नागौद थाना पुलिस ने जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। मेडिकल रिपोर्ट, वायरल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर धाराओं में बढ़ोतरी भी की जा सकती है।
ब्यूटी पार्लर चलाती हैं मां-बेटी
दरअसल, मां-बेटी रीवा रोड पर पार्लर संचालित करती हैं। मंडल अध्यक्ष उनसे यह दुकान खाली कराना चाहता है। इसी सिलसिले में मंगलवार रात वह युवती के घर पहुंचा और अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगा। युवती बचने के लिए भागी तो टंडन ने थप्पड़ मारते हुए उसे लोहे के सरियों पर गिरा दिया। युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िताएं भी भाजपा से जुड़ी
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित चंद्रलेखा अवधिया भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी हैं, जबकि उनकी बेटी आस्था अवधिया युवा मोर्चा की सक्रिय कार्यकर्ता हैं। ऐसे में इस घटना ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे संगठन की कार्यशैली और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भाजपा ने दिया नोटिस
भाजपा के जिला महामंत्री रमाकांत गौतम ने एफआईआर होने के बाद पुलकित को नोटिस जारी कर सात दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। उल्लेख किया कि इस कृत्य से संगठन की छवि धूमिल हुई है। कांग्रेस की महिला विंग ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष गीता सिंह के नेतृत्व एक टीम थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।