अकाउंटेंट पत्नी ने पति के नशे के कारोबार का किया खुलासा, वीडियो भेजकर पुलिस कमिश्नर से कराई गिरफ्तारी; कॉलेज छात्रों तक स्मैक-गांजा सप्लाई का आरोप

इंदौर के मल्हारगंज इलाके की एक महिला ने अपने पति को गांजा और स्मैक बेचने के आरोप में गिरफ्तार कराया है। सोमवार को महिला ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से फोन पर बताया कि उसका पति बुद्ध किरण कॉलेज और हॉस्टल के छात्र-छात्राओं को नशे का सामान सप्लाई करता है।

पुलिस ने आरोपी के घर से गांजा और स्मैक जब्त किया है

महिला ने मादक पदार्थों (स्मैक-गांजा) से जुड़ा एक वीडियो भी कमिश्नर को भेजा था। वीडियो देखने के बाद कमिश्नर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सोमवार रात को पुलिस ने महालक्ष्मी नगर स्थित पान दुकान पर दबिश देकर बुद्ध किरण को गिरफ्तार किया।

पुलिस आरोपी को उसके घर भी ले गई, जहां से गांजा जब्त किया गया है। लसूड़िया पुलिस की पूछताछ में आरोपी बुद्ध किरण ने बताया कि वह सनावद के पास धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति और छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति से मादक पदार्थ खरीदता था।

महिला ने वीडियो में स्मैक की पुड़िया भी दिखाई।

महिला बोली- बेटियों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर

मल्हारगंज निवासी महिला पेशे से अकाउंटेंट है। उसने पुलिस कमिश्नर को बताया कि पति बड़े स्तर पर पान दुकान चलाता है। वह बीते कुछ समय से घर में तौल कांटा रखकर गांजा और नशीली पुड़ियों की बिक्री कर रहा है। मेरी दो बेटियां हैं। पति की इस गतिविधि के कारण उनकी पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

वीडियो में गांजा और स्मैक की पुड़िया के साथ तौल मशीन भी दिख रही है।

पति और ससुराल पक्ष को लोग डराते-धमकाते हैं

महिला ने बताया कि इस अवैध काम का विरोध करने पर पति और ससुराल पक्ष के लोग मुझे डराते-धमकाते हैं। इसी के चलते 4 फरवरी को पति ने मुझसे मारपीट की। जिससे मेरे सिर में गंभीर चोट आई है। तब भी इसकी सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन उस समय गांजा जब्त नहीं हुआ था।

वकील के माध्यम से कमिश्नर को बताया घटनाक्रम

हाईकोर्ट एडवोकेट डॉ. रूपाली राठौर ने बताया कि पीड़िता ने मुझे घर में गांजा रखे होने की जानकारी दी थी। इसके बाद मैंने पुलिस कमिश्नर को पूरा घटनाक्रम बताया गया। कमिश्नर कार्यालय की ओर से तत्काल कार्रवाई कर पीड़िता की मदद की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *