
नवग्रहों की दिव्य ऊर्जा की अनुभूति का अद्भुत केन्द्र बन गया डबरा…
आज जीवन कृतार्थ हुआ! परिवार जन की वर्षों की तपस्या और अटूट श्रद्धा ‘नवग्रह शक्ति पीठ’ के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के रूप में साकार हो रही है। इस पावन अवसर पर मन असीम आनंद और तृप्ति की अनुभूति कर रहा हूं।
वैदिक मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच पीठ में विराजमान समस्त नवग्रह एवं देव प्रतिमाओं का अभिमंत्रण एवं प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुआ। अब यह शक्ति पीठ समस्त श्रद्धालुओं के लिए द्वार खोला जा रहा है, जहां वे नवग्रहों की दिव्य ऊर्जा और आशीष प्राप्त कर सकेंगे। आप सभी का स्वागत है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अपने मन की भावनाएँ अभिव्यक्त की हैं। इस पोस्ट पर बड़े सुंदर कमेंट भी देखे जा सकते हैं। डॉ. नरोत्तम मिश्रा को संबोधित करते हुए एक कमेंट यह कि आपने सम्पूर्ण मध्य प्रदेश की जनता के साथ हमारे भारत वर्ष में ये एक अविस्मरणीय अद्भुत निर्माण ही नहीं अपितु हमारे वैदिक हिन्दू धर्म की सम्पूर्ण आस्था ग्रह-नक्षत्र के कार्य एवं हर व्यक्ति के जीवन कल्याण हेतु ये अद्भुत स्थान बना दिया। वर्षों तक इतिहास में आपका नाम आपके परिवार का नाम दर्ज हो गया है। ईश्वर ने आपको ऐसे अद्भुत कार्य को करने का सौभाग्य दिया। आपका परिवार तो गौरवान्वित है ही, समस्त मध्य प्रदेश की जनता की ओर से मैं आपको ऐसे ऐतिहासिक अद्भुत आयोजन कार्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं देती हूं। बहुत बहुत बधाई,जय माई की जय सियाराम। एक और कमेंट कि वर्तमान समय के “नरो में उत्तम” आदरणीय नरोत्तम मिश्रा जी आप युग पुरुष हैं, आपका नाम युगों युगों तक लिया जाएगा। जय श्री राम, जय हो आपकी। इन कमेंट्स में
वास्तव में नवग्रह शक्ति पीठ की दिव्य अनुभूति की झलक ही दिखाई दे रही है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु परमसत्ता की सत्यता से सराबोर हो रहे हैं।
वास्तव में मंदिर का स्वरूप ऐसा है कि यहां पहुंचकर नौ ग्रहों की दिव्यता की अनुभूति खुद ही होने लगती है। सात अश्वों के रथ पर सवार सूर्य भगवान का मंदिर मध्य में है तो अन्य ग्रह उनके चारों तरफ विराजित हैं। निचले तल पर ग्रह मूलस्वरूप में है, तो पहले तल पर परिवार के साथ उनकी अष्टधातु की मूर्तियाँ हर दर्शनार्थी को सम्मोहित कर लेती हैं। यह मूर्तियाँ दिव्य ऊर्जा से भरी हैं, तो वास्तव में आशीष की अनुभूति कराती हैं। ऊपरी तल पर शिव, सरस्वती, हनुमान, दुर्गा, राधा कृष्ण, राम जानकी, गणपति और कालभैरव की मूर्तियां असीम संतुष्टि प्रदान करती हैं। मंदिरों के शिखर सनातन धर्म की पताका फहराते नजर आते हैं। सफेद धवल मार्बल से बने मंदिर इतने अद्भुत वास्तु शिल्प से गढ़े गए हैं कि एक शिखर की परछाईं दूसरे शिखर पर नहीं पड़ सकती। 14 साल में तैयार हुए इस नवग्रह पीठ की दिव्यता की अनुभूति यहाँ पहुँचकर ही की जा सकती है। विश्व का यह इकलौता मंदिर जल्दी ही पूरी दुनिया में ख्याति अर्जित करने वाला है। मंदिर परिसर में घोड़े, ऊंट, खरगोश, देशी-विदेशी चिड़ियां, ऑस्ट्रिच आदि की उपस्थिति आकर्षण पैदा कर रही है।
वास्तव में डॉ. नरोत्तम मिश्रा का जीवन इस धार्मिक निर्माण के साथ कृतार्थ हो गया है। ‘नवग्रह शक्ति पीठ’ की प्राण प्रतिष्ठा के संपन्न होने के साथ ही उनके जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो चुका है। मुख्य सेवक के रूप में उनके माता-पिता की मूर्तियां भी परिसर में स्थापित हैं, जो मंदिर निर्माण के साथ पुत्रधर्म के निर्वाह का प्रत्यक्ष प्रमाण भी दे रही हैं। सरोवर निर्माण ने भी धार्मिक स्थान की महत्ता स्थापित कर दी है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बने एयर कंडीशन कमरे और मंदिर के सुचारू संचालन के लिए बनाई गई दुकानें एक सुनियोजित विकास और दूरदर्शिता का प्रमाण हैं। मंदिरों की भव्यता के साथ ही मंदिर परिसर भी विस्तार और भव्यता लिए हुए अद्भुत अनुभूति का कारक बन गया है।
यही कहा जा सकता है कि यहां सब कुछ अद्भुत है, दिव्य है और भव्य है। डबरा, सनातन धर्म के मानचित्र पर प्रमुखता से अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है। समय के साथ-साथ यह आस्था और भक्ति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। जो भी यहाँ एक बार दर्शन करने पहुंचेगा, वह यहां परिवारजन और परिचितों संग बार-बार आने की इच्छा भी रखेगा। आप भी जाकर अनुभव कर सकते हैं कि डबरा नवग्रहों की दिव्य ऊर्जा की अनुभूति का अद्भुत केन्द्र बन गया है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं