टीम इंडिया को करारा झटका, अभ्यास के दौरान हुआ ये हादसा

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला 7 जनवरी से शुरू होने वाला है, लेकिन 5 जनवरी को टीम इंडिया को एक बड़ा झटका विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के रूप में लगा है। केएल राहुल चोट के चलते बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज से बाहर हो गए हैं।

बीसीसीआई ने मंगलवार की सुबह ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। प्रेस विज्ञप्ति में सचिव जय शाह ने बताया कि अभ्यास सत्र के दौरान राहुल उस वक्त अपनी बाई कलाई चोटिल कर बैठे, जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे। यह हादसा शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। राहुल को इस चोट से पूरी तरह उबरने के लिए कम से कम तीन हफ्तों का समय लगेगा। वह जल्द ही ऑस्ट्रेलिया से भारत के लिए रवाना होंगे, जहां बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी में उनका उपचार होगा।

28 साल का यह विकेटकीपर-बल्लेबाज IPL से शानदार फॉर्म लेकर ऑस्ट्रेलिया आया था। वन-डे, टी-20 सीरीज में उन्होंने मिला-जुला प्रदर्शन किया था। सीरीज का तीसरा टेस्ट सिडनी में 7 जनवरी से खेला जाएगा, जबकि चौथा और आखिरी मैच ब्रिस्बेन में 15 जनवरी से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *