भोपाल हाईप्रोफाइल विवाद: बैंक मैनेजर पत्नी का आरोप—IAS पति से अलग कर कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान ने की शादी, फिर 2 करोड़ दहेज, मारपीट और जान से मारने की धमकी; नेता का पलटवार—‘तलाक नोटिस के बाद साजिशन FIR’

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक हाईप्रोफाइल फैमिली विवाद सामने आया है। पत्नी बैंक में मैनेजर हैं और पति कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता है। बैंकर पत्नी ने अपने नेता पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में कहा गया है कि नेता पति ने दहेज में दो करोड़ रुपए मांगे और पैसे न देने पर उनके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया है। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर कांग्रेस नेता के खिलाफ मारपीट और दहेज प्रताड़ना की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।खास बात ये भी है कि पत्नी और पति दोनों की ये दूसरी शादी है और इस शादी को 19 साल हो चुके हैं। पत्नी का आरोप है कि उसकी पहली शादी आईएएस अफसर से हुई थी। नेता ने जबरन ये शादी तुड़वा दी।इधर कांग्रेस नेता का कहना है कि पत्नी उन्हें 15 साल से ब्लैकमेल कर रही है। जब उन्होंने तलाक का नोटिस दिया तब पत्नी ने ये एफआईआर करवाई है

2003 में आईएएस से शादी और खुशहाल जिंदगी शिखा सिंह की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। एक अच्छे, पढ़े-लिखे परिवार से आने वाली शिखा ने एमबीए किया है और उनके रिश्तेदार पुलिस विभाग में उच्च पदों पर रहे हैं। साल 2003 में उनकी शादी मध्यप्रदेश कैडर के एक आईएएस अफसर से हुई। भोपाल के पॉश इलाके ‘चार इमली’ में उनका सरकारी आवास था और जिंदगी खुशहाल थी।

शिखा खुद एक प्रतिष्ठित बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी जिंदगी में महेंद्र सिंह चौहान का प्रवेश एक सामान्य मुलाकात से हुआ। उस वक्त चौहान एनआईटीटीटीआर के चेयरमैन थे। शिखा बताती हैं, ‘वे अक्सर मुझसे मिलने बैंक आने लगे। उन्होंने मुझे मेरे आईएएस पति से अलग होने के लिए उकसाना शुरू कर दिया और वे इसमें कामयाब भी रहे।’

पिता बोले- चार इमली से सड़क पर आ जाओगी उन्होंने अपनी पत्नी के बारे में ऐसी भावुक बातें कहीं, जिससे शिखा का उनसे भावनात्मक जुड़ाव हो गया। चौहान ने शिखा की मुलाकात अपने दोनों बच्चों से भी कराई। शिखा का दावा है कि चौहान की बेटी ने उन्हें बताया था कि उनके माता-पिता एक दशक से अलग-अलग कमरों में सोते हैं। जब शिखा ने इस रिश्ते के बारे में अपने परिवार को बताया, तो भूचाल आ गया।

पिता ने साफ शब्दों में चेतावनी दी, ‘तुम चार इमली (आईएएस अफसरों का रिहायशी इलाका) से सीधे सड़क पर आ जाओगी।’ परिवार के हर सदस्य ने इस रिश्ते का विरोध किया, क्योंकि चौहान न केवल शादीशुदा थे, बल्कि शिखा से उम्र में 20 साल बड़े भी थे। उस समय चौहान की बेटी 17 और बेटा 15 साल का था। शिखा ने बताया कि मैं उनकी बातों में आ गई थी।

शुरुआती साल अच्छे बीते, फिर बंदिशों का दौर शादी के बाद शुरुआती कुछ साल अच्छे बीते। शिखा, चौहान और उनके दो बच्चों के साथ रहने लगीं। उनका अपना एक बेटा भी हुआ। लेकिन यह खुशहाली ज्यादा दिन नहीं टिकी। शिखा का आरोप है कि जल्द ही उन पर बंदिशें लगनी शुरू हो गईं। उनके साथ क्रूरतापूर्ण बर्ताव होने लगा और दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा।

शादी का फैसला मेरा था, इसलिए मैं जहर के घूंट पीकर चुप रह जाती थी। शिखा ने भोपाल पुलिस कमिश्नर को दिए अपने आवेदन में कहा है कि शादी के 2-3 साल बाद ही पति का व्यवहार क्रूरतापूर्ण हो गया। उन पर मायके से पैसे लाने का दबाव डाला जाने लगा। मुझसे कहा गया कि मैं अपने मायके की प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगूं। जब मैंने इनकार किया तो मेरे साथ मारपीट की जाती थी।

मेरे बेटे के साथ भी उनका व्यवहार क्रूर था। वे गुस्से में आकर मुझे और मेरे बेटे को कमरे में बंद कर देते थे।

जहर देकर जान से मारने की कोशिश का आरोप शिखा के आरोप यहीं नहीं रुकते। उन्होंने एक ऐसी घटना का जिक्र किया है जो रोंगटे खड़े कर देती है। एक दिन मेरे पति ने मुझे जूस में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसे पीकर मेरी हालत बिगड़ने लगी और मैं बेहोश हो गई। जब मुझे होश आया तो मैं अस्पताल में थी।

शिखा के मुताबिक, उनकी यह हालत देखकर चौहान डर गए और उन पर दबाव बनाने लगे कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताएं। उन्होंने कसम खाई कि आगे से ऐसा कभी नहीं होगा और वह सुधर जाएंगे। मैं उनकी बातों में आ गई और चुप रही। यह चुप्पी ज्यादा दिन नहीं चली।

शिखा का आरोप है कि चौहान का व्यवहार पहले जैसा हो गया। शराब पीकर मारपीट और तलाक की धमकियां देना फिर शुरू हो गया।

हाल ही में 9 फरवरी को विवाद बढ़ने पर शिखा को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाला विवाद का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब चौहान ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिखा ने अपनी शिकायत में कहा, मुझसे कहते थे कि जब तुम मर जाओगी तो तुम्हारे पापा की पूरी संपत्ति मेरे नाम हो जाएगी।

यह मामला 9 फरवरी को अपने चरम पर पहुंच गया, जब शिखा के अनुसार, दोपहर 2 बजे उनके पति ने घर में उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। घर के बाहर गेट पर ताला लगा दिया और धमकी दी कि अगर मायके से 2 करोड़ रुपये और कार लेकर नहीं आई तो तुम्हें जान से मार दूंगा। तुम ऑफिस जाती हो, रास्ते में तुम्हारे साथ कुछ भी कर सकता हूं।

शिखा ने पुलिस को बताया है कि उनका बेटा हॉस्टल में रहता है और वह भोपाल में अकेली रहती हैं। उन्हें अपने पति से जान का खतरा है, जिनके पास दो लाइसेंसी बंदूकें हैं।

शिखा का आरोप है कि उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।

फर्जी दस्तखत और एनजीओ से बेदखली का आरोप घरेलू हिंसा के आरोपों के अलावा, शिखा ने अपने पति पर धोखाधड़ी का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि चौहान ने उनके फर्जी दस्तखत कर उन्हें जन शिक्षण संस्थान, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम के दो एनजीओ के डायरेक्टर पद से हटा दिया और अपने लोगों को नियुक्त कर दिया। इस मामले की शिकायत उन्होंने भारत सरकार के कौशल विकास मंत्रालय से भी की है।

चौहान बोले- मैंने पहले ही तलाक का नोटिस दिया जब इन गंभीर आरोपों पर महेंद्र सिंह चौहान से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया। उनका कहना है कि रिश्ता काफी पहले ही बिगड़ चुका था और साथ रहना मुश्किल हो गया था, इसलिए उन्होंने शिखा को तलाक का नोटिस भेजा था। चौहान कहते हैं, तलाक का नोटिस दिए जाने के बाद शिखा ने मेरे खिलाफ यह एफआईआर दर्ज करवाई है।

हमारा विवाह-विच्छेद का मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। मेरा पक्ष जाने बिना मेरे खिलाफ घरेलू हिंसा की एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस जांच से सामने आएगा सच

यह मामला अब दो अलग-अलग कहानियों के बीच उलझ गया है। एक तरफ एक पत्नी है, जो खुद को पीड़ित बता रही है और अपने पति पर प्यार में धोखा देने, सालों तक प्रताड़ित करने, और अब जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा रही है।

दूसरी तरफ एक कद्दावर राजनेता है, जो इन सभी आरोपों को अपनी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने की साजिश बता रहा है। मामले की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। सच क्या है ये तभी पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *