भोपाल स्नूकर क्लब में खूनी खेल: पूल गेम की रंजिश में दो नाबालिगों ने 30 सेकंड में 10वीं के छात्र पर 27 चाकू-छुरी से वार किए, CCTV में कैद हमला; हालत गंभीर, पुलिस कार्रवाई सवालों में

मप्र की राजधानी भोपाल में 10वीं कक्षा के एक छात्र पर दो नाबालिग छात्रों ने पूल गेम खेलते समय चाकू और छुरी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना 15 फरवरी की रात टीला जमालपुरा स्थित गणेश चौक के एक स्नूकर क्लब में हुई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया है, जिसमें आरोपी फिल्मी अंदाज में अंदर घुसते और ताबड़तोड़ हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

दोनों नाबालिगों ने एक के बाद एक 27 बार हमला किया।

दोनों आरोपियों ने महज 30 सेकंड में छात्र पर 27 वार किए और मौके से फरार हो गए। घायल छात्र किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। हमले में उसकी एक कलाई पर 10 से अधिक गहरे कट लगे हैं, जबकि दूसरे हाथ की दो उंगलियां कट गई हैं। कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

देखिए घटना से जुड़ी तस्वीरें

स्नूकर क्लब में दाखिल होते ही दोनों आरोपी छात्र पर टूट पड़े।

घटना के वक्त कई बच्चे स्नूकर क्लब में पूल गेम खेल रहे थे।

टीला जमालपुरा पुलिस को अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।

पूल गेम में वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी तनातनी हो चुकी

पुलिस के अनुसार, घायल 16 वर्षीय छात्र गौतम नगर थाना क्षेत्र का निवासी है और रोजाना पूल खेलने क्लब आता था। कुछ दिन पहले उसका क्लब में ही 16-16 वर्षीय दो अन्य नाबालिगों से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि उस दौरान छात्र ने दोनों को थप्पड़ मार दिए थे। इसी रंजिश में आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से हमला किया।

हमला करने वाले दोनों नाबालिग भी 10वीं कक्षा के छात्र हैं और घायल के साथ कोचिंग में पढ़ते हैं। पूल गेम में वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी तनातनी हो चुकी थी।

पुलिस कार्रवाई पर सवाल, आरोपियों को नोटिस देकर थाने से छोड़ा

वहीं पुलिस ने साधारण धाराओं में FIR दर्ज की है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद नोटिस देकर थाने से छोड़ भी दिया गया। मामले में सब इंस्पेक्टर (SI) मनिपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मारपीट की धाराओं में FIR दर्ज की थी। दोनों ही नाबालिग बालकों को थाने से नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर आगे धाराओं में इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *