मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक पड़ोसी ने तीन महिलाओं पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। तीनों महिलाएं घायल हो गईं। बचाने आई युवती के हाथ में गहरा घाव है, जबकि दो अन्य महिलाओं को अलग-अलग जगहों पर चोट लगी है। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। मामला कुंडीपुरा थाना क्षेत्र का है।
छिंदवाड़ा में महिलाओं को कुल्हाड़ी से मारते वक्त आरोपी CCTV कैमरे में कैद।
जानकारी के मुताबिक, घायलों में सुनीता अठकर (39), अपेक्षा (24) और एक दूसरी महिला शामिल हैं। तीनों अंबेडकर नगर के सुकलुढाना की रहने वाली हैं। महिलाओं पर जानलेवा हमले का आरोपी नारायण साहू है। जब उन पर हमला हुआ, तब महिलाएं खाली प्लॉट में सिंचाई कर रही थीं।

सिंचाई करते वक्त विवाद, फिर कुल्हाड़ी से हमला
घायल सुनीता आठकर ने बताया कि, वह अपने घर के पीछे स्थित खाली प्लॉट में पानी देने गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी नारायण साहू वहां पहुंचा। इस दौरान मौके पर मौजूद रिश्तेदार अपेक्षा से बदसलूकी करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर सुनीता घर के पास बने शेड के नीचे आकर खड़ी हो गईं।
पीड़िता ने बताया कि कुछ देर बाद नारायण साहू अपने घर से कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया। गाली-गलौज कर अचानक हमला कर दिया। वार से सुनीता और अपेक्षा घायल हो गईं। बीच-बचाव करने आई एक अन्य महिला को भी चोट आई है।

वारदात CCTV फुटेज में कैद
वारदात पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी को महिला पर वार करते देखा जा सकता है। कुल्हाड़ी से मारते ही महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगती हैं, लेकिन आरोपी दौड़ा-दौड़ाकर वार कर रहा है।
वहीं महिलाओं की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। महिलाओं को आरोपी से बचाया। आरोपी को पकड़कर दूर ले गए। वहीं घायलों को फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया। एक महिला के हाथ से खून बह रहा था। घायल खतरे से बाहर हैं।
पुरानी रंजिश में वारदात, आरोपी हिरासत में
कुंडीपुरा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज महेंद्र भगत ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का पता चला है। प्लॉट के पास में गली की जगह को लेकर विवाद है। CCTV फुटेज जब्त कर ली गई है। आरोपी को ST/SC एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है। जांच जारी है।