महाकालेश्वर मंदिर के गेट नंबर-1 (अवंतिका द्वार) पर एंट्री को लेकर लेडी गार्ड और पंडित/श्रद्धालु में झगड़ा, गालियां और झूमाझटकी; VIDEO वायरल, दोनों पर कार्रवाई

उज्जैन के महाकाल मंदिर में लेडी गार्ड और राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर आए पंडित के बीच एंट्री को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच बहस होने के बाद अपशब्द कहे गए। झूमाझटकी भी हुई। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें मंदिर के गेट नंबर-1 यानी अवंतिका द्वार पर पंडित कमलेश शर्मा और महिला सुरक्षाकर्मी ज्योति परमार के बीच बहस होती दिख रही है।

आधार कार्ड को लेकर गार्ड और पंडित के बीच बहस हुई, जो विवाद में बदल गई।

आरोप है कि गार्ड ज्योति ने पंडित शर्मा और उनके साथ आए श्रद्धालुओं को गालियां और धमकियां दीं। वहीं, वीडियो में शर्मा भी ज्योति से विवाद करते नजर आ रहे हैं।मामले की जानकारी मिलने पर मंदिर प्रशासन ने महिला सुरक्षाकर्मी को हटा दिया है। पंडित कमलेश शर्मा के गेट नंबर-1 यानी अवंतिका द्वार से प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया।

वीडियो में लेडी गार्ड और पंडित के बीच बहस दिख रही है।

राजस्थान का आधार कार्ड होने पर रोका

सुरक्षाकर्मी ज्योति परमार ने महाकाल थाने में आवेदन देकर बताया कि पंडित कमलेश शर्मा आधार कार्ड दिखाकर तीन लोगों को गेट नंबर-1 से प्रवेश दिलाने का प्रयास कर रहे थे।

आधार कार्ड राजस्थान का होने के कारण उन्हें रोका गया। इस पर शर्मा ने विवाद किया और मारपीट की धमकी दी।

पंडित ने लगाया गालियां देने का आरोप

पंडित कमलेश शर्मा ने कहा कि उनके साथ आए श्रद्धालुओं के पास उज्जैन और राजस्थान दोनों जगह के पहचान पत्र थे। सुरक्षाकर्मी ने प्रवेश से रोका तो उन्होंने आपत्ति जताई। इस दौरान महिला सुरक्षाकर्मी ने गालियां दीं, जिसका वीडियो उनके पास मौजूद है।

हालांकि, उन्होंने अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

पंडित शर्मा का कहना है कि गार्ड ने अपशब्द कहे।

मंदिर प्रशासन ने दोनों पर की कार्रवाई

महाकाल मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार, गलत आधार कार्ड पर प्रवेश का प्रयास किया जा रहा था। सुरक्षाकर्मी ने नियमों के अनुसार रोकने की कोशिश की, जिससे विवाद हुआ। अभद्र भाषा का उपयोग करने पर महिला सुरक्षाकर्मी को हटा दिया गया है। वहीं, पंडित कमलेश शर्मा के गेट नंबर-1 से प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *