इंदौर में बिना अनुमति कार रैली निकालने पर छात्र नेता आयुष भार्गव गिरफ्तार: बीजेपी नेता के जन्मदिन पर कार की छत पर स्टंट का वीडियो वायरल, जूनी थाने में हाथ जोड़कर मांगी माफी

इंदौर की जूनी थाना पुलिस ने खुद को सांसद शंकर लालवानी का प्रतिनिधि पंकज फतेहचंदानी के जन्मदिन पर बिना अनुमति वाहन रैली निकालने के मामले में छात्र नेता आयुष भार्गव को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आते ही भार्गव के हौसले पस्त पड़ गए और उसने हाथ जोड़कर माफी मांगी है।

माफी मांगते हुए छात्र नेता

आयुष पर मोटर व्हीकल एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फतेहचंदानी के जन्मदिन पर 7 मार्च को शहर में वाहन रैली निकाली गई थी। जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए थे। रैली में आयुष ने कार की छत पर खड़े होकर स्टंट किया था। जिसका वीडियो बनाकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद जूनी पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।

रैली की वजह से बाधित हुआ यातायात

आयुष भार्गव द्वारा रैली निकाले जाने की वजह से यातायात बाधित हुआ था। पुलिस ने उसे थाने लाकर कार्रवाई की और कोर्ट का दंड भरवाने के बाद जमानती धाराओं में थाने से ही जमानत दे दी। आयुष ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो अपलोड हुआ था, जिसमें कार से स्टंट करते हुए दिखाया गया है। इससे समाज में गलत संदेश गया है। उसने कहा कि वह समाज के सभी लोगों से माफी मांगता है और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *