केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में एक शासकीय शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है।
गंजबासौदा थाने में शिकायतकर्ता गगन दुबे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है, साथ ही मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस में भी दर्ज कराई गई है।

पोस्ट की साझा
शिकायतकर्ता गगन दुबे ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर केंद्रीय कृषि मंत्री के संसद में दिए गए भाषण से संबंधित एक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट पर गोविंद सिंह कुशवाहा नामक एक शासकीय शिक्षक ने अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की। इसके बाद गगन दुबे ने शहर थाने में सहायक उप निरीक्षक लालाराम प्रजापति को एक लिखित आवेदन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई

शिक्षा अधिकारी ने जारी किया नोटिस
शिकायत के बाद यह मामला जिला अधिकारियों तक भी पहुंचा, जिसके चलते गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षक को नोटिस जारी किया गया। गगन दुबे ने कहा कि एक शिक्षक द्वारा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना दुखद है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्व मुखिया पर की गई इस टिप्पणी से वे स्वयं आहत हुए हैं, जिसके चलते उन्होंने शिकायत कर टिप्पणी करने वाले शिक्षक पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जादौन से भी शिकायत की गई थी। पूर्व जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर को इस मामले से अवगत कराया और कार्रवाई की मांग की।