फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट “VoiceOfDC” तैयार कर डेली कॉलेज की छवि धूमिल करने की साजिश, एक सदस्य समेत 4 आरोपियों पर क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया केस

प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था डेली कॉलेज की सोशल मीडिया पर छवि खराब करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया है। आरोपियों ने जुलाई 2025 से सुनियोजित साजिश करते हुए यह हरकत की थी। इसमें एक आरोपी संस्था के सदस्य भी हैं।

क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार डेली कॉलेज सोसायटी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर आरोपी संदीप पिता छोटेलाल पारेख निवासी सांघी कॉलोनी, अनुराग पिता कमलेश जैन निवासी स्कीम नंबर 74, रंजीत सिंह पिता सुरेंद्र सिंह नामली निवासी गुलमोहर प्राइड और मानवीर पिता वीरेंद्र सिंह बायस निवासी साकेत नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

प्रतिनिधि ने शिकायत की थी कि इन लोगों ने जुलाई 2025 में संयुक्त रूप से “VoiceOfDC” नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट तैयार कर उसका संचालन शुरू किया था। शिकायत में कहा गया है कि इस अकाउंट का उद्देश्य शिकायतकर्ता, विद्यालय तथा उसके प्रबंधन समिति के सदस्यों की प्रतिष्ठा को धूमिल करना और उन्हें नुकसान पहुंचाना था।

इस अकाउंट पर सोसाइटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के खिलाफ झूठी, असत्य, अपमानजन, दुर्भावना पूर्ण, और परेशानी करने वाली पोस्ट की जा रही थी। इतना ही नहीं संस्था से जुड़े लोगों को शैक्षणिक संस्थान के खिलाफ काम करने के लिए भी उत्प्रेरित किया जा रहा था।

संस्थान की गरिमा के खिलाफ थी पोस्ट शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट के संबंध में जानकारी प्राप्त करने पर एवं “अहेड मीडिया” नामक फर्म की स्वामिनी अलीशा सैनी से जानकारी मिली थी। तब पता चला कि यह मानहानिकारक अकाउंट आरोपियों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा था।

अलीशा सैनी, पूर्व में संदीप पारेख के डिजिटल कार्य से जुड़ी थीं, को ऐसे पोस्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। ये पोस्ट डेली कॉलेज जैसी संस्था की गरिमा के खिलाफ थे। इसलिए उन्होंने इसे अपनी नैतिकता के विरुद्ध मानते हुए उन्होंने इनकार किया और पूरे मामले की जानकारी प्रबंधन को दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *