मध्य प्रदेश के इंदौर में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवकों के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है।
हादसे का सीसीटीवी भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान खजराना निवासी 23 वर्षीय अनस अब्बासी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम जुबेर (32) बताया गया है। जुबेर के दोनों पैर फैक्चर गए हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए…

तेज रफ्तार कार स्कूटी सवारों को टक्कर मारते CCTV कैमरे में कैद।

कार की टक्कर से स्कूटी चकनाचूर हो गई

स्कूटी चकनाचूर, कार भी डैमेज
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे एमजी रोड पर टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर कार के ऊपर से करीब 30 फीट दूर फुटपाथ पर जा गिरे। वहीं स्कूटी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। वहीं कार भी डैमेज हुई है।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि दो युवक स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उनके पास से गुजरती है और उन्हें उड़ा देती है। दोनों युवक जमीन पर गिरकर खून से लथपथ हो जाते हैं। टक्कर मारने के बाद कार सवार फरार हो जाता है।

अनस इकलौता बेटा था, फोटोग्राफी करता था
अनस अब्बासी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। फोटोग्राफी का काम करता था। उसके पिता की दो साल पहले बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी। घायल जुबेर कार डेकोरेशन का काम करता है। उसकी शादी करीब 20 दिन बाद तय है। हादसे के बाद परिजन बुरी तरह सदमे में हैं।
परिवार ने हत्या की आशंका जताई
हादसे के बाद मृतक के परिजन गुलरेज ने बताया कि भतीजा रात करीब ढाई बजे चाय पीने गया था, तब हादसा हुआ। उनके मुताबिक उन्हें घटना संदिग्ध लगी है और भतीजे की हत्या की गई हो सकती है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने किया मामला दर्ज
तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। कार पुलिस के कब्जे में है। आरोपी फरार है। जांच में सामने आया है कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।

GJ 06 FK2296 नंबर की इसी कार से टक्कर मारी गई है।