इंदौर-बड़वाह हेरिटेज रूट बनेगा: 70 करोड़ से पुराने घाट मार्ग का नवीनीकरण, चोरल-तिंछाफाल समेत 20 से ज्यादा गांवों को राहत

इंदौर-खंडवा रोड पर बन रहे नए हाईवे के साथ वर्तमान घाट सेक्शन और बलवाड़ा-बड़वाह तक की 33 किलोमीटर लंबी सड़क हेरिटेज की तरह डेवलप होगी। प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिहाज से खास इस सड़क व घाट सेक्शन का नवीनीकरण व रखरखाव पीडब्ल्यूडी करेगा।

इस पुराने मार्ग के नवीनीकरण में करीब 70 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह राशि एनएचएआई पीडब्ल्यूडी को देगा। यह सड़क यथावत रहने से तिंछाफाल, चोरल जैसे पर्यटन स्थल जाने वालों के लिए सुविधा रहेगी। इसके साथ ही बायपास हो रहे सिमरोल, बाई ग्राम, चोरल व बलवाड़ा, आसपास के गांवों में आवाजाही आसान हो सकेगी। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए डीपीआर एनएचएआई को सौंपी है।

इंदौर से खंडवा, बुरहानपुर के बीच नेशनल हाईवे अथॉरिटी नया हाईवे बना रही है। इंदौर से बड़वाह के बीच भेरू घाट सेक्शन का निर्माण आधुनिक तरीके से किया जा रहा है। इसमें तीन टनल व ब्रिज बनाकर ट्रैफिक सीधे निकाला गया है।

एनएचएआई के इस अलाइनमेंट से वर्तमान घाट सेक्शन व सड़क पर मौजूद सिमरोल, बाई ग्राम, चोरल व बलवाड़ा बायपास हो जाएंगे। इससे इन कस्बों व इनके आसपास के गांवों अंदर की सड़कों पर आवाजाही में दिक्कत आएगी।

 

इस समस्या को देखते हुए एनएचएआई ने तेजाजी नगर से बलवाड़ा-बड़वाह तक की मौजूदा सड़क को यथावत रखने का निर्णय लिया है। सरकार की मंशा भी थी कि भविष्य में महानगरीय विस्तार को देखते हुए सिमरोल व इससे आगे जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की तरह इसका उपयोग होता रहे।

डीपीआर मिली है, राशि का प्रस्ताव भेजा एनएचएआई के प्रोजेक्ट हेड प्रवीण यादव का कहना है, पीडब्ल्यूडी से सेक्शन के निर्माण व नवीनीकरण के लिए डीपीआर मिली है। 70 करोड़ रुपए की राशि मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजी है। मुख्य सेक्शन आवाजाही के लिए खोलते ही इसे पीडब्ल्यूडी को सौंप देंगे।

गांवों और पर्यटन स्थलों के लिए जरूरी पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता सीएस खरात का कहना है, यह सेक्शन इंटरनल गांवों की आवाजाही के लिए जरूरी है। तिंछाफाल और चोरल जैसे पर्यटन स्थल भी इससे जुड़े हैं। यह सड़क पीडब्ल्यूडी के पास ही रहेगी। बनाने के लिए डीपीआर एनएचएआई को सौंपी है। मंजूरी मिलने व नए सेक्शन पर ट्रैफिक शुरू होने के बाद इसका काम करेंगे।

4 बड़े कस्बे, 20 से ज्यादा गांव जुड़े रहेंगे

  • यह पुरानी सड़क इंदौर-खंडवा मार्ग का हिस्सा है। वर्तमान में बड़वाह तक टू लेन बनी है।
  • तेजाजी नगर से बलवाड़ा के बीच करीब 33 किमी में चार बड़े गांव सिमरोल, बाई ग्राम, चोरल व बलवाड़ा पड़ते हैं। इसके अलावा इस रोड से इंदौर-महू तहसील के 20 से ज्यादा इंटरनल गांव जुड़े हैं। महू-सिमरोल रोड व बलवाड़ा से कुछ दूरी पर धामनोद-मंडलेश्वर-बड़वाह रोड भी मिलती है।
  • बड़वाह व इंदौर की ओर से इंटरनल क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले दोपहिया व छोटे चारपहिया वाहन इसका उपयोग कर सकेंगे।

यात्री सेवा के लोकल वाहनों की उपलब्धता से इंदौर-खंडवा, ओंकारेश्वर, बुरहानपुर तक एक्सप्रेस सेवा रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *