इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर मंगलवार शाम एक सिरफिरे युवक ने टैक्सी में बैठे दंपति को बंधक बनाकर करीब आधे घंटे तक मारपीट की और पेचकस से हमला किया। दंपति ने साहस दिखाते हुए आरोपी का सामना किया। इसी दौरान कार एक पोल से टकराकर रुक गई, जिसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घायल अनिल शुक्ला।
जानकारी के मुताबिक 66 वर्षीय अनिल शुक्ला बैंक से रिटायर्ड हैं। वे अपनी पत्नी रेखा शुक्ला के साथ दिल्ली में भतीजी की शादी में शामिल होकर मंगलवार शाम फ्लाइट से इंदौर लौटे थे। एयरपोर्ट पर ऑनलाइन टैक्सी बुक की, लेकिन बुकिंग कैंसल हो गई। इसके बाद वे एयरपोर्ट टैक्सी स्टैंड से महालक्ष्मी नगर जाने के लिए एक कार में बैठ गए।
रास्ते में युवक ने रोकी कार, ड्राइवर पर हमला
सुपर कॉरिडोर के पास रेड सिग्नल पर अमन पाल (निवासी मरीमाता क्षेत्र) ने कार रुकवाई और ड्राइवर से लिफ्ट मांगी। ड्राइवर के मना करने पर आरोपी ने पेचकस से हमला कर उसे कार से बाहर निकाल दिया और खुद ड्राइविंग सीट पर बैठकर गाड़ी गांधी नगर की ओर मोड़ दी।
दंपति को बनाया बंधक, चलती कार में मारपीट
पितृ पर्वत क्षेत्र के पास आरोपी ने दंपति के साथ मारपीट की। इस दौरान अनिल शुक्ला ने अपनी बेटी को फोन कर अपहरण की जानकारी दी, लेकिन आरोपी ने मोबाइल छीन लिया और उनके साथ मारपीट जारी रखी। अनिल ने पैसे और चेन देकर खुद को छोड़ने की बात कही, लेकिन आरोपी नहीं माना और दोनों को धमकाता रहा।
पोल से टकराई कार, भीड़ ने आरोपी को दबोचा
दंपति आरोपी से लगातार जूझते रहे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर एक पोल से टकरा गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दंपति ने मदद के लिए पुकारा, जिसके बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
घायल दंपति का इलाज जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दंपति को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां अनिल शुक्ला का इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी अमन पाल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
टीआई ने की लापरवाही जानकारी के मुताबिक इतने बड़े मामले मे गांधीनगर टीआई अनिल यादव की लापरवाही सामने आई है। बताया जाता है कि घटना की शुरुआत गांधीनगर इलाके से हुई थी। हातोद और गांधीनगर सीमा क्षेत्र के पास गाड़ी का एक्सीडेट हुआ। गांधीनगर की एफआरवी मौके पर पहुंची तो टीआई अनिल यादव ने घटनास्थल उनका होने से इंकार कर दिया। मामला जब हातोद थाने पर पहुंचा तो यहां टीआई अनिल यादव ने कॉल कर एक्सीडेंट की कार्वारई करने की बात कही।
हालांकि मामले में ग्रामीण एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने जोन 1 के एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा को जानकारी दी। बाद में गांधी नगर पुलिस आरोपी अमन को लेकर थाने आई। ग्रामीण एडिशनल रूपेश द्विवेदी ने आरोपी को गांधी नगर पुलिस के सुपुर्द करने की पुष्टि की है।