![]()
शादी समारोह में लेनदारों ने पूर्व मंत्री को घेरा
ग्वालियर: मध्य प्रदेश बीज निगम के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व राज्यमंत्री का दर्जा पाने वाले बीजेपी नेता राजकुमार कुशवाहा की फजीहत उस समय हो गई, जब वे एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे और कार्यक्रम के दौरान ही दर्जनों लेनदारों ने उन्हें घेर लिया. लोग राजकुमार कुशवाहा से उनकी लेनदारी मांग रहे थे. किसी ने 5 लाख तो किसी ने 30 लाख रुपए वापस मांगे. कुछ महिलायें तो रुपए के साथ अपनी जमीन भी वापस मांग रही थीं. इस पूरे हंगामे का एक वीडियो अब सुर्खियों में है.
शादी में पहुचते ही बाकायदारों ने घेरा
असल में पूरा घटनाक्रम भिंड के भरौली तिराहे के एक मैरिज गार्डन का है, जहां राजकुमार कुशवाहा सोमवार रात एक शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे. उनके समारोह में शामिल होने की जानकारी पहले ही कई लोगों को थी. जिसके चलते भिंड शहर और आसपास के गांव से कई लोग मौके पर पहुंच गए और राजकुमार कुशवाहा को घेर लिया. इसके बाद मौके पर मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने उनसे अपने पैसे मांगना शुरू कर दिए. इस दौरान कोई व्यक्ति पूरे हंगामे की वीडियोग्राफी भी करता रहा.
वीडियो में दिखा बाकायदारों का गुस्सा, महिला बोली पैसा दो या जहर ला दो
वीडियो सामने आने पर उसमें साफ सुना जा सकता है कि, महिलाएं और पुरुष लेनदार बीजेपी नेता पर आरोप लगा रहे हैं कि, अपना बकाया लेने के लिए लंबे समय से वे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नेताजी उनसे मुलाकात तक नहीं कर रहे थे. 4 मिनट 49 सेकंड के वीडियो में लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है.
इस पूरी बातचीत में भी एक महिला अपने 30 लाख रुपए मांग रही है और पहली किश्त के तौर पर 5 लाख चुकाने की बात कह रही है. यहां तक की उसने जहर खाने तक की धमकी दे डाली. इस बीच एक व्यक्ति समय दिए जाने को लेकर भी चर्चा कर रहा है. नेताजी भी जल्द व्यवस्था करने की बात कहते नजर आ रहे हैं.

हालत बेकाबू हुए तो बुलिस बुलाई, थाने में हुआ समझौता
करीब 3-4 घंटे तक इस तरह का हंगामा जारी रहा. इस बीच जब हालत बेकाबू होने लगे तो तुरंत भिंड की देहात थाना पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा. इसके बाद भी हंगामा चलता रहा, हालांकि काफी समझाइश के बाद जाकर मामला थोड़ा शांत हुआ तो पुलिस राजकुमार कुशवाहा को मौके से निकाल कर ले गई, लेकिन लेनदार भी उनके पीछे पहुंच गए. हालांकि बाद में पुलिस की मध्यस्थता में नियंत्रित हुई.

लेनदारों के बीच राजकुमार कुशवाहा
नई तारीख के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
इस पूरे मामले पर जब बात करने के लिए हमने राजकुमार कुशवाहा से संपर्क किया तो उनका फोन नेटवर्क कवरेज से बाहर था, लेकिन भिंड के देहात थाना प्रभारी मुकेश शक्यका कहना है कि, “रुपयों के लेनदेन के विवाद में कुछ लोगों ने भरौली रोड स्थित मेरिज गार्डन में पहुंचे डॉ राजकुमार कुशवाहा को घेर लिया था, हालांकि माहौल और तनाव को नियंत्रित करने पुलिस राजकुमार कुशवाह को साथ थाने लायी थी. यहां दोनों पक्षों में 10 मई तक बकाया चुकाने के आश्वासन के बाद आपसी समझौता हो गया और मामला शांति से निपट गया.