
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने लड़कियों की शादी को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान के बयान लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने के विचार का विरोध करते हुए एक अनोखा तर्क दे डाला। उन्होंने कहा कि लड़कियां 15 साल की उम्र में ही प्रजनन के लायक हो जाती हैं और 18 साल में परिपक्व हो जाती हैं तो शादी की उम्र 21 साल क्यों हो?उनके इस बयान पर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया है।
नोटिस में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कांग्रेस नेता से दो दिन के अंदर इस बात का स्पष्टीकरण देने और नाबालिग लड़कियों और कानून के खिलाफ इस तरह का भेदभावपूर्ण बयान देने के अपने इरादे को उचित ठहराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, ‘जब डॉक्टर बोलते हैं कि लड़कियां 15 साल में प्रजनन के लायक हो जाती हैं तो शादी की उम्र 21 साल करने की क्या जरूरत है? शिवराज क्या बड़ा डॉक्टर हो गया है? दरअसल, नारी सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल की जानी चाहिए। इस मुद्दे पर विचार करने की जरूरत है।
बता दें कि इससे पहले भी सज्जन सिंह वर्मा ने इमरती देवी को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर इमरती देवी पर बयान की वजह से कांग्रेस को नुकसान हुआ तो वे खुद भी चुनाव कैसे हार गईं? उन्होंने आगे कहा कि इमरती देवी जलेबी बन गईं।
वहीं मतदान से पहले चुनावी रैली में कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इमरती देवी को आइटम बोल दिया था। इसपर काफी विवाद भी हुआ था और मामला चुनाव आयोग से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था।