हाल ही में रियान पराग की घटना की चर्चा खत्म भी नहीं हुई थी कि अब युजवेंद्र चहल का मामला बताने के लिए काफी है कि घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा

युजवेंद्र चहल विवाद में घिर गए हैं
हाल ही प्लेन में वेपिंग के बाद पंजाब किंग्स के दिग्गज स्पिनर युजेंद्र चहल विवाद में घिर गए हैं. दरअसल शुक्रवार से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें टीम की फ्लाइट के दौरान चहल को वेपिंग (ई-सिगरेट) का इस्तेमाल करते देखा गया. इस घटना के बाद जहां फैंस ने चहल को लेकर काफी तीखे कमेंट किए हैं, तो पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मण शिवारामाकृष्णनन ने चहल के लिए बहुत ही सख्त शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जेल भेजने की बात कही है. पूर्व स्पिनर ने कहा कि भारत में वेपिंग प्रतिबंधित है और अगर यह आरोप सही साबित होता है, तो सख्त सजा मिलनी चाहिए.
शिवरामाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘भारत में वेपिंग बैन है. ऐसे में उन्हें जेल के पीछे होना चाहिए. कानून बनाने का क्या फायदा, अगर उन्हें लागू ही नहीं किया जाए? मैच फीस का 25% जुर्माना तो बहुत ही मामूली है. अगर कोई आम व्यक्ति ऐसा करता, तो क्या कार्रवाई होती?’
रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो अर्शदीप सिंह के पॉडकास्ट से सामने आया है, जिसमें चहल अपने साथियों के बीच बैठे हुए नजर आ रहे हैं और कथित तौर पर इस कृत्य को छिपाने की कोशिश करते दिखते हैं. लेकिन जैसे ही यह सामने आया, तो इस पर बवाल मच गया. यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इससे पहले इसी सीजन में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भी वेपिंग करते पकड़े गए थे, जिन पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया था.
क्या कार्रवाई करेगा बीसीसीआई?
यह बहुत ही हैरानी की बात है कि चहल का यह वीडियो ऐसे समय आया, जब बीसीसीआई ने रियान पराग को एक चौथाई फीस ड्रेसिंग रूप में ऐसी ही हरकत के कारण काट ली, लेकिन इतना होने पर भी अगर चहल जैसा अनुभवी खिलाड़ी ऐसा सार्वजनिक तौर पर करता दिख रहा है, तो साफ है कि मामला अलग ही स्तर पर जा रहा है. और चहल सरीखे खिलाड़ियों को सजा या और किसी बात का कोई डर नहीं है. जाहिर है कि यहां भी BCCI को नजीर पेश करनी होगी और देखने की बात होगी की टीम प्रबंधन या बीसीसीआई इस पर क्या कार्रवाई करता है.