786 नंबर के नोटों की 86 लाख कीमत का झांसा, सोशल मीडिया ठगों ने होटल शेफ से डिलीवरी चार्ज, GST और TDS के नाम पर ऐंठे साढ़े 3 लाख रुपये

शहर के 4 स्टार होटल में शेफ की नौकरी करने वाले युवक के साथ सायबर ठगी हुई. पीड़ित नेपाल का रहने वाला है. वह 786 नंबर के नोट के कलेक्शन करने का शौकीन है. शेफ मोहन  के जरिए 786 नंबर के नोट देकर 86 लाख रुपये देने का झांसा दिया गया. इसके बाद ठगों ने डिलीवरी चार्ज, जीएसटी, टीडीएस व अन्य मद के नाम पर 3.5 लाख से ठग लिए.

ठगी का शिकार युवक शेफ मोहन श्रेष्ठा

सोशल मीडिया पर एड देख ललचाया

पीड़ित शेफ नेपाल के अघाखंसी छतरदेव गाबिसा लुम्बानि का रहने वाला है. बताया “मैं एक होटल में शेफ हूं. मैंने सोशल मीडिया पर एक एड देखा. इसमें 786 सीरिज के नोट एवज में मोटी रकम देने का वादा किया गया था. एड देने वालों ने मुझे अपना मोबाइल नंबर दिया. उनसे लंबी बातचीत हुई. इसके बाद होम डिलीवरी करने की बात कही गई. डिलीवरी चार्ज, जीएसटी, रजिस्ट्रेशन, टीडीएस के नाम पर मुझसे 3 लाख 66 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए.”

इसके बाद पीड़ित को जब वादे के मुताबिक राशि नहीं मिली तो उसने अपने मित्र को इसकी जानकारी दी. फ्रॉड की ये घटना 28 जनवरी से 10 फरवरी के बीच की है. इसकी शिकायत पीड़ित ने उसी समय 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कर दी थी. अब जाकर साइबर ने नानाखेड़ा थाने पर रिपोर्ट भेजी. पीड़ित का कहना है मेरे पास यूं तो कई सारे नोट 786 सीरिज के हैं लेकिन फिलहाल दो 500 रुपये के और एक 100 रुपये का नोट है.

पीड़ित ने लोगों को किया जागरूक

थाना नानाखेड़ा प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया “राज्य सायबर सेल 1930 से E-FIR मिली थी. मोहन श्रेष्ठा से करीब साढ़े 3 लाख रुपये ठगे गए हैं. धारा 318(4) 319(2) बीएनएस धारा के तहत FIR दर्ज कर एएसआई राजेश सिंह जाट के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है. जल्द ही आरोपी को पकड़ राशि रिकवरी की कार्रवाईं की जाएगी.”

ठगी का शिकार होने के बाद मोहन ने जनता से अपील की “कोई भी मेरी तरह ऑनलाइन एड के झांसे में आकर किसी भी तरह का पेमेंट न करें.” मोहन ने अपनी गलती मानते हुए पुलिस हमले पर भरोसा जताया है. पुलिस ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा “किसी भी तरह के सायबर फ्रॉड से बचें. सोशल मीडिया पर इस प्रकार विज्ञापन से सतर्क रहें.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *