Delhi के कीर्ति नगर में कुत्ते की मौत पर बवाल, एक्टिविस्ट Jaspreet Kaur Arora ने गार्ड को पीटा; वायरल वीडियो के बाद जांच में जुटी Delhi Police

दिल्ली के कीर्ति नगर से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक महिला सिक्योरिटी गार्ड को सरेराह चप्पल से पीटते हुए नजर आ रही है. दावा किया जा रहा है कि इससे पहले गार्ड ने इलाके के एक आवारा कुत्ते को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला था. इस घटना से महिला का गुस्सा फूट गया और हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया है. बताया जा रहा है कि महिला एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट है. इस वीडियो के बाद एक दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें गार्ड सच्चाई बताता हुआ नजर आ रहा है. आइए जानते हैं पूरा मामला…

9 मई को एक वीडियो इंटरनेट पर सामने आया जिसमें एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट जसप्रीत कौर अरोड़ा एक सिक्योरिटी गार्ड को चप्पल से मारती हुई दिखाई दे रही हैं. इस दौरान वहां दिल्ली पुलिस के जवान भी मौजूद दिख रहे हैं लेकिन वे भी कुछ नहीं करते हैं और बस देखते रहते हैं. खबरों के मुताबिक 9 मई को गार्ड ने एक कुत्ते को डंडे से पीट‑पीटकर मार डाला था. जब जसप्रीत कौर कीर्ति नगर थाने पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि न तो इस मामले में FIR दर्ज हुई है और न ही गार्ड को गिरफ्तार किया गया है. इसके बाद महिला का गुस्सा और बढ़ गया और वह सिक्योरिटी गार्ड को पीटना शुरू कर देती हैं.

दूसरे वीडियो में गार्ड ने खुद बताई सच्चाई

इस मामले के बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षा गार्ड घटना की सच्चाई बताते हुए नजर आ रहा है. वीडियो बनाने वाला शख्स पहले गार्ड से उसका नाम पूछता है, जिस पर वह अपना नाम विनोद बताता है. इसके बाद उससे पूरे मामले के बारे में पूछा जाता है. गार्ड के मुताबिक, J‑68 में रहने वाली एक महिला को कुत्ते ने काट लिया था. इसके बाद उस महिला ने उससे कुत्ते को मारने को कहा था.

विनोद का कहना है कि महिला ने कुत्ते को जान से मारने के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ मारने के लिए कहा था. बातचीत के दौरान जब उससे पूछा जाता है कि उसने कुत्ते को किससे मारा, तो वह जवाब देता है कि उसने लकड़ी के डंडे से कुत्ते को मारा था. आगे वीडियो में उससे सवाल किया जाता है कि इसको लेकर कोई पछतावा है, जिस पर वह कहता है कि उसे अपने किए पर पछतावा है और उससे गलती हुई है

लोग दे रही अपनी प्रतिक्रियाएं

दोनों वीडियो के वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं जाहिर कर रहे हैं. कोई महिला को ‘जानवरों की मसीहा’ बता रहा है तो कोई कानून हाथ में लेने पर सवाल उठा रहा है. इसके अलावा कुछ लोगों का कहना है कि महिला का गुस्सा आना स्वाभाविक है, तो कुछ लोग कह रहे हैं कि मारपीट करने का हक किसने दिया?. फिलहाल ये वीडियो इंटरनेट पर इन दिनों चर्चा का विषय बन चुका है और लगातार लोग अपनी राय दे रहे हैं.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के अनुसार उन्हें एक शिकायत मिली थी, जिसमें कहा गया था कि एक सुरक्षा गार्ड ने लोहे की रॉड से एक कुत्ते पर हमला किया. इस हमले में कुत्ते को गंभीर चोटें आईं और आरोप है कि घटना के बाद उसकी मौत हो गई. कुत्ते को एक निजी पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि, अब तक अस्पताल की ओर से पुलिस को कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.

पुलिस ने यह भी बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला, जसप्रीत कौर, जो कि एक एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट हैं, ने गार्ड के साथ मारपीट की थी. लेकिन इस मामले में सुरक्षा गार्ड की तरफ से अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *