यूपी में आंधी का विकराल रूप: बरेली में टिन शेड संग हवा में उड़ा युवक, Viral Video देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने लोगों को दहला कर रख दिया है. कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने से भारी तबाही देखने को मिली है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं. वीडियो में एक व्यक्ति टिन शेड समेत हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है.

बरेली का वीडियो बना चर्चा का विषय

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बरेली जिले के भमौरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव की है. बताया जा रहा है कि अचानक तेज आंधी शुरू होने पर युवक टिन शेड का सहारा लेकर खड़ा था. तभी तेज हवाओं ने टिन शेड को जड़ से उखाड़ दिया और युवक भी उसके साथ हवा में लटकता हुआ ऊपर उठ गया.

कुछ सेकंड का यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हवा कितनी खतरनाक थी. युवक का नाम ‘नन्हे’ बताया जा रहा है. हादसे में उसके दोनों हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.

लोगों ने कहा-ऐसा नजारा पहले नहीं देखा

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स ने इसे बेहद डरावना बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने ऐसा मंजर पहले कभी नहीं देखा. गांव के लोगों के मुताबिक, आंधी इतनी तेज थी कि कई पेड़, बिजली के खंभे और टिन शेड हवा में उड़ गए.

कई जिलों में भारी नुकसान

आंधी और बारिश का असर सिर्फ बरेली तक सीमित नहीं रहा. प्रयागराज, भदोही, फतेहपुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया है. हालांकि, मौसम विभाग ने पहले ही खराब मौसम और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया था. फिलहाल बरेली का यह वायरल वीडियो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे देखकर दहशत में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *