इंदौर में EV शोरूम में भीषण आग: ऊपरी मंजिल पर फंसे 20 लोगों का सीढ़ी-रस्सियों के सहारे रेस्क्यू, पड़ोसियों ने छतों को जोड़कर बचाईं जानें

इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में आग लग गई। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले 6 परिवारों के 20 लोग फंस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पड़ोसियों की मदद से सीढ़ियों और रस्सियों के सहारे उनको सुरक्षित निकाल लिया।

एक घंटे की मशक्कत के बाद दो टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया

हादसा लसूड़िया इलाके में खालसा चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है।

पहले देखिए, हादसे की तस्वीरें…

आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी।

शोरूम से उठी लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं।

बिल्डिंग के पड़ोस में बनी दूसरी मल्टीस्टोरी इमारत से सीढ़ी टिकाई गई।

सीढ़ी और रस्सियों के सहारे अपार्टमेंट में फंसे लोग बाजू में बनी इमारत तक सुरक्षित पहुंच गए।

आग में फंसे लोगों को छत पर आने के लिए कहा

आग अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी थी। ऊपरी मंजिल पर बने फ्लैट्स में लोग सो रहे थे। धुआं भरने पर सांस लेने में तकलीफ हुई तो उनकी नींद खुली।न्होंने नीचे देखा तो शोरूम से लपटें उठ रही थीं। इसी के बगल में सीढ़ियां बनी हैं, जिनके लपटों में घिर जाने के कारण ऊपर की मंजिलों से लोग नीचे नहीं आ पा रहे थे।चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में ही बनी मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहने वाले लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने तुरंत सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया। आग में फंसे लोगों को छत पर आने के लिए कहा।

छत से सीढ़ियां जोड़कर बनाया रास्ता

बाजू वाली इमारत के लोगों ने दोनों छतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर रास्ता बनाया। खिड़कियों और एंगल से रस्सियां बांधकर दूसरी तरफ फेंकी। आग में फंसे कुछ लोग इन सीढ़ियों की मदद से दूसरी बिल्डिंग की छत पर पहुंचे। कुछ लोग रस्सियों से लटककर नीचे उतरे।राहत की बात यह रही कि आग किसी भी फ्लैट तक नहीं पहुंची, जिससे घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जल गए।

दो टैंकर पानी से आग पर काबू पाया

फायर ब्रिगेड अधिकारी शोभाराम मालवीय ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। करीब एक घंटे में दो टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मामले की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *