अमेरिका (US) में फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) से पहले शनिवार को मिसूरी के कंसास सिटी में इंग्लैंड (England) के फीफा वर्ल्ड कप 2026 बेस कैंप (base camp) के पास हुई गोलीबारी में नौ लोग घायल हो गए. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उत्तरी अमेरिका में टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ ही दिन पहले हुई है. इस 48 देशों के महाकुंभ में 1,248 खिलाड़ी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के 16 शहरों में कुल 104 मैचों में प्रतिस्पर्धा करेंगे.

पुलिस ने पुष्टि की है कि सभी नौ पीड़ितों को लगी चोटें जानलेवा नहीं हैं और वे जीवित बच जाएंगे. अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है, लेकिन फिलहाल किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है. यह वारदात ‘स्वोप सॉकर विलेज’ (Swope Soccer Village) से लगभग चार मील की दूरी पर हुई, जिसे वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड के आधिकारिक ट्रेनिंग बेस कैंप के रूप में नामित किया गया है. गनीमत यह रही कि इंग्लैंड की टीम अभी तक कंसास सिटी नहीं पहुंची है. टीम वर्तमान में फ्लोरिडा के मियामी/पाम बीच में अपनी तैयारी पूरी कर रही है और बुधवार को ऑरलैंडो में कोस्टा रिका के खिलाफ एक दोस्ताना मैच खेलने वाली है.
फुटबॉल एसोसिएशन की क्या प्रतिक्रिया है?
इंग्लैंड के फुटबॉल एसोसिएशन के प्रवक्ता ने फिलहाल इस घटना पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. इस गोलीबारी ने एक बार फिर अमेरिका में बंदूक हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ‘गन वायलेंस आर्काइव’ के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया कि साल 2025 में देश में 400 से अधिक सामूहिक गोलीबारी दर्ज की गई थीं. हालांकि, 2025 में कुल शूटिंग मौतों में 14 प्रतिशत की गिरावट भी देखी गई थी.
🚨 Reports from Kansas City say nine people were injured in a shooting near England’s World Cup base in Missouri.
Police are still investigating the incident, with England set to use Kansas City as their tournament base.
Kansas City police responded around 4 a.m. to the 7900… https://t.co/RYdOZTtoEb pic.twitter.com/SjJuhq4krf
— football only (@chessquantique) June 7, 2026
इंग्लैंड का वर्ल्ड कप शेड्यूल
1966 की विश्व चैंपियन इंग्लैंड की टीम अपने 2026 अभियान की शुरुआत ग्रुप L में क्रोएशिया, घाना और पनामा के खिलाफ करेगी.’थ्री लायंस’ अपना पहला मैच 17 जून को डलास स्टेडियम में क्रोएशिया के खिलाफ खेलेंगे. इसके बाद उनका मुकाबला 23 जून को बोस्टन में घाना से और 27 जून को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में पनामा से होगा.
कैसी है इंग्लैंड की टीम?
कोच थॉमस टूकेल द्वारा घोषित 26 सदस्यीय टीम की कमान कप्तान हैरी केन के हाथों में है. टीम में जूड बेलिंगहम, डेक्लान राइस, जॉर्डन पिकफोर्ड और बुकायो साका जैसे अनुभवी सितारों के साथ-साथ कोबी मैनू, मॉर्गन रोजर्स और टिनो लिव्रामेंटो जैसी नई प्रतिभाएं भी शामिल हैं. टीम में गोलकीपर के तौर पर डीन हेंडरसन, जॉर्डन पिकफोर्ड और जेम्स ट्रैफोर्ड को शामिल किया गया है. डिफेंस की जिम्मेदारी जॉन स्टोन्स, रीस जेम्स, मार्क गुएही और एजरी कोन्सा जैसे खिलाड़ियों पर होगी. अटैक का जिम्मा कप्तान केन के साथ मार्कस रैशफोर्ड, ओली वॉटकिंस, इवान टोनी और एंथनी गॉर्डन संभालेंगे.
क्या इंग्लैंड फिर से इतिहास रचेगा?
इंग्लैंड इस बार अपना दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा. इससे पहले उन्होंने केवल एक बार 1966 में अपने घरेलू मैदान वेम्बली स्टेडियम में वेस्ट जर्मनी को हराकर विश्व कप जीता था. टीम के कोच को इस टीम पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि यह गर्मियों का सीजन देश के लिए बेहद खास होगा.