Warning: Undefined variable $post in /home2/a1785fee/public_html/wp-content/themes/newscard/functions.php on line 276
Warning: Attempt to read property "ID" on null in /home2/a1785fee/public_html/wp-content/themes/newscard/functions.php on line 276
Warning: Undefined variable $variable in /home2/a1785fee/public_html/wp-content/themes/newscard/functions.php on line 292


प्रतिभा ‘चाँदनी’ जैसी हो, तो मुख्यमंत्री भी सकरी गली में घुसकर उसके कच्चे घर तक पहुंचते हैं…
मध्य प्रदेश मंत्रालय की आलीशान इमारत के सामने बनी भीमनगर झुग्गी बस्ती। इस आलीशान इमारत में मध्यप्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव बैठते हैं। और भीमनगर, झुग्गी बस्ती में रहती है प्रतिभाशाली छात्रा चांदनी। बस्ती में भी सड़कें हैं। लेकिन एक घर ऐसा भी है जहां सकरी गली ही घर तक जाती है। इस गली में से एक व्यक्ति ही एक बार में गुजर सकता है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत इस सकरी गली से गुजरकर प्रतिभाशाली छात्रा चांदनी से मिलते हैं। यह बात सही ही है कि प्रतिभा में ही वह ताकत है जो पूरे प्रदेश के मुखिया को भी घर तक आने को मजबूर कर सकती है। चांदनी विश्वकर्मा के परिवार ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि मुख्यमंत्री भी उनके दो कमरे के कच्चे घर में आकर खुद को गौरवान्वित महसूस करेंगे। बेटी चांदनी और उसके परिवार को हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाकर खुश होंगे। भारी भरकम सुरक्षा व्यवस्था के साथ चलने वाले मुख्यमंत्री चांदनी के छोटे से घर में अकेले बैठकर ही गपसप करेंगे। चांदनी को प्रोत्साहित करेंगे और पूरे परिवार का मनोबल बढ़ाएंगे। 15 जून 2026 को विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भीमनगर स्थित चाँदनी विश्वकर्मा के घर पहुंचे थे। वास्तव में देखा जाए तो चाँदनी विश्वकर्मा जैसी प्रतिभाएँ ही भविष्य के विकसित भारत का आधार हैं।
भोपाल की चांदनी विश्वकर्मा ने इस साल कॉमर्स में 500 में से 494 नंबर लाकर इतिहास रचा था। चांदनी विश्वकर्मा 12वीं कॉमर्स की स्टेट टॉपर हैं। चांदनी भीम नगर बस्ती में रहती हैं। दो कमरे के मकान और तंग गलियों के बीच रहने वाली चांदनी ने अभावों के बीच कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ इतनी बड़ी सफलता हासिल की थी। दो कमरों के मकान में 4 सदस्यों का परिवार रहता है। परिणाम आने के बाद चांदनी मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलने रविंद्र भवन पहुँची थी। चांदनी का सपना आर्मी में लेफ्टिनेंट बनकर देश सेवा करना है।
चांदनी की प्रतिभा के कायल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 जून 2026 को खुद चलकर भीमनगर बस्ती पहुँच गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परिवार में गरीबी, कठिनाई के बावजूद हौंसले की बुलंदी से हर मंजिल आसान होती है। विषम परिस्थितियों में भी कुमारी चांदनी ने परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प से जो उपलब्धि हासिल की है, वह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एमपी बोर्ड 12वीं की टॉपर कुमारी चांदनी विश्वकर्मा से मिलने ई-स्कूटर से विधानसभा के निकट स्थित भीम नगर बस्ती पहुंचे। ई-स्कूटर पर सवार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं हेलमेट पहना और उनके साथ ई-स्कूटर पर पीछे बैठे विधायक भगवान दास सबनानी ने भी हेलमेट लगाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने, सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की प्रभावशीलता के संबंध में स्थानीय निवासियों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुमारी चांदनी और उनके परिजन से आत्मीय भेंट की और परिजन के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चांदनी की उत्कृष्ट सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशीर्वाद प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रतिभावान बेटी की पढ़ाई में गरीबी कभी बाधा नहीं बनेगी। कुमारी चांदनी को शासन की सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
सही ही कहा गया है कि सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं होती। मध्य प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में चाँदनी जैसे और भी बच्चे हैं जिन्होंने संसाधनों के अभाव और विषम आर्थिक परिस्थितियों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। किसी का सपना सेना में सेवा करना तो किसी का सपना प्रशासनिक सेवा के जरिए राष्ट्र सेवा करना है। वास्तव में ऐसी सभी प्रतिभाएं विकसित भारत बनाने के लिए संकल्पित हैं। और इसीलिए प्रतिभा ‘चाँदनी’ जैसी हो, तो मुख्यमंत्री भी सकरी गली में घुसकर उसके कच्चे घर तक पहुंचते हैं…।
कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं
