
महाराष्ट्र के लोनावला स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले (Lohagad Fort) पर खुशियों का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक 24 वर्षीय युवक की 350 फीट गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान केतन विशाल अग्रवाल के रूप में हुई है. केतन 19 जून को अपने परिवार और दोस्तों के साथ अपनी मंगेतर का जन्मदिन मनाने के लिए किले पर गया था, लेकिन एक छोटी सी चूक ने उसकी जान ले ली.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, केतन किले के एक ऊंचे और खतरनाक किनारे पर खड़े होकर फोटो खिंचवा रहा था इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे करीब 350 फीट गहरी खाई में जा गिरा. चट्टानों से टकराने के कारण उसके सिर पर बेहद गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया
खाई में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दी गई, जिसके बाद शिवदुर्ग मित्र लोनावला, वाइल्डलाइफ रेस्क्यूर्स, स्थानीय ट्रेकर्स और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. इलाका बेहद दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद केतन को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अगले महीने होने वाली थी शादी
इस दर्दनाक हादसे ने केतन के परिवार और दोस्तों को गहरे सदमे में डाल दिया है. केतन जाने-माने बिल्डर विशाल अग्रवाल का बेटा था. सूत्रों के अनुसार, अगले ही महीने उसकी शादी होने वाली थी और परिवार में इसकी भव्य तैयारियां जोरों पर थीं.
शादी के शाही समारोह के लिए राजस्थान के जयपुर में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत वाला एक आलीशान महल बुक किया गया था. इतना ही नहीं, मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो चार्टर्ड विमान भी तय किए गए थे. लेकिन शादी की शहनाई बजने से ठीक पहले हुए इस खौफनाक हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं और पूरे घर में मातम पसर गया है.