इंदौर में 13 साल के बच्चे की निर्मम हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पहले नॉयलॉन की रस्सी से बच्चे का 8 बार गला घोंटा, फिर चेहरे पर ईंट से हमला किया। हत्या के बाद शव को पलंग पेटी में छिपाकर, उसके ऊपर बीमार दादी को सुला दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे के साथ दुष्कृत्य की कोशिश की थी। बच्चे के विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। यह वारदात शनिवार को बच्चे के घर से करीब 30 मीटर दूर एक छह मंजिला बिल्डिंग की छत पर की गई। बाद में शव को चौथी मंजिल के फ्लैट में ले जाकर छिपाया गया।
शुक्रवार शाम से था लापता एमआईजी टीआई सीबी सिंह ने बताया कि बच्चा आठवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह घर के बाहर से लापता हो गया था। देर रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

CCTV से सुराग, छत पर मिला खून से सना जैकेट सीसीटीवी फुटेज में बच्चा एक बिल्डिंग में जाता दिखा। परिजन और पुलिस ने जब बिल्डिंग की तलाशी ली, तो छत पर खून से सना जैकेट मिला। छत पर तीन-चार जगह खून के छब्बे भी थे, जिन्हें साफ करने की कोशिश के संकेत मिले।
पुलिस के साथ घूमता रहा आरोपी टीआई सीबी सिंह के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी रेहान (21) पुलिस के साथ ही घूमता रहा। उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे। पूछताछ में वह टालमटोल करता रहा। पुलिस ने उसके हाथ और गले पर खरोंच देखीं। उसने दावा किया कि मशीन का काम करता है, लेकिन जांच में पता चला कि वह चार महीने से वर्कशॉप गया ही नहीं।

पलंग पेटी में मिला शव सख्ती से पूछताछ पर रेहान टूट गया और बताया कि शव पलंग पेटी में छिपाया है। पुलिस ने जब उसकी दादी को बिस्तर से हटाकर दीवान खोला, तो कंबल में लिपटा बच्चे का शव मिला। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरा आरोपी फरार रेहान के साथ उसका दोस्त रिजवान भी था, जो फिलहाल फरार है। आरोपी के ताऊ अब्दुल रफीक की लोकेशन खंडवा रोड के पास मिली है, जिसकी देर रात तक तलाश की जाती रही। पुलिस ने पूछताछ के लिए रेहान की मां और दादी को भी थाने में बैठाया है।
रात 9:30 बजे ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाज रहवासी समीन खान ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे किसी महिला की ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाज सुनी थी। पुलिस ने उस समय जांच की, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला। बिल्डिंग के फ्लैट में दो-तीन लोग रहते हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है।