स्नैपचैट पर दोस्ती के बाद प्यार: MP की 17 साल 10 महीने की लड़की बॉयफ्रेंड से मिलने 1500 किमी दूर लुधियाना पहुंची, 3 महीने बाद मिली; बोली— वह फ्रेंड है, अलग कमरे में रखा

मध्य प्रदेश के पांढुर्णा की एक नाबालिग लड़की अपने बॉयफ्रेंड से मिलने 1500 किलोमीटर दूर लुधियाना पहुंच गई। वह 20 दिसंबर 2025 को बिना बताए घर से निकली थी। तीन महीने लुधियानी में प्रेमी के साथ रही। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की मदद से उसे ट्रैस किया और बरामद कर परिजन को सौंप दिया। प्रेमी का नाम सचिन झा है। वो पंजाब के लुधियाना में फैक्ट्री में काम करता है।

एमपी पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की मदद से लड़की को ट्रैस किया।

लुधियाना पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। लड़की ने कहा कि मैं जब गई थी, तब नाबालिग थी, लेकिन अब बालिग हो चुकी हूं। सचिन मेरा फ्रेंड है। इसने मेरे साथ कुछ गलत नहीं किया। मुझे अलग रूम में रखा। इस बयान के बाद कोर्ट ने युवक को छोड़ने के आदेश दिए।

पांढुर्णा थाने में परिजन द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी रिपोर्ट में लड़की की उम्र 17 साल 10 महीने दर्ज है।

नाबालिग लड़की को पुलिस ने परिजन को सौंप दिया है।

जानिए, दोनों के बीच कैसे दोस्ती हुई, लड़की लुधियाना कैसे पहुंची…

स्नैपचैट पर दोस्ती हुई, फिर प्यार हो गया

लड़की की दोस्ती डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से सचिन झा से हुई। कुछ दिनों बाद दोनों में बातचीत होने लगी। करीब डेढ़ साल तक लगातार बातचीत चलती रही। यह फ्रेंडशिप प्यार में बदल गई।

सचिन ने पांढुर्णा थाने के एएसआई प्रकाश सिंह रघुवंशी को बताया कि लड़की कई दिनों से उसे मिलने बुला रही थी। मगर, मैंने मना कर दिया। बाद में लड़की ने खुद लुधियाना आने की जिद की। फिर भी उसे आने से मना कर दिया।

खाते से निकाले 4000 रुपए, फिर पहुंची लुधियाना

लड़की ने 19 दिसंबर 2025 को बैंक खाते से चार हजार रुपए निकाले। अगले दिन 20 दिसंबर को बिना बताए लुधियाना के लिए ट्रेन में सवार हो गई। इधर, 21 दिसंबर को परिजन ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवा दी।

28 घंटे का सफर तय करके लड़की लुधियाना स्टेशन पहुंची। यहां पहुंचकर किसी के मोबाइल से सचिन को कॉल किया। सचिन ने पुलिस को बताया कि लड़की ने कहा- लुधियाना स्टेशन पहुंच गई हूं। कहां आना है बताओ। जिस पर सचिन ने कहा कि रुक जा, मैं वहीं आता हूं।

लड़की का कहना है कि पंजाब में सचिन ने उसे किराए के कमरे में अलग रखा था।

रेलवे स्टेशन से वापस जाने को कहा

सचिन ने पुलिस को बताया कि जब वो रेलवे स्टेशन पहुंचा, तो उसने लड़की को कहा कि तुम नाबालिग हो। घरवालों को बताए बिना यहां आ गई, जो गलत है। तुम वापस जाओ। लड़की ने वापस जाने से मना कर दिया और कहा कि वो अब उसके साथ ही रहेगी।

जब वो वापस नहीं गई, तो सचिन उसे अपने घर ले गया। उसे वहां पर अलग कमरे में रखा। उसके पास मोबाइल नहीं था। इस वजह से लड़की के घरवालों से संपर्क नहीं कर सका। पुलिस टीम 11 मार्च को लुधियाना पहुंची। दोनों को हिरासत में लेकर मध्य प्रदेश आई।

लड़की को कोर्ट में पेश किया, बोली- वह मेरा फ्रेंड

ASI प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि लड़की को कोर्ट में पेश कर बयान करवाए गए। लड़की ने कोर्ट में बताया कि वो जब गई थी, तब नाबालिग थी, लेकिन अब बालिग हो गई है। उसने कहा कि सचिन उसका फ्रेंड है। करीब डेढ़ साल से एक दूसरे को जानते हैं। सचिन ने अलग से किराए का कमरा दिलाकर उसे रखा था। उसके साथ कुछ भी गलत नहीं किया।

पांढुर्णा पुलिस लड़की को लेने के लिए 11 मार्च को लुधियाना पहुंची थी।

बयान पर कोर्ट ने सचिन को किया रिहा

एएसआई ने बताया कि जब लड़की ने कोर्ट में बयान दे दिए, तो कोर्ट ने सचिन को रिहा करने का आदेश दे दिया। कोर्ट ने कहा कि लड़की अपनी मर्जी से गई थी। उसके साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ, तो लड़के को रिहा कर दो। पुलिस ने उसके बाद लड़के को वापस घर भेज दिया।

लड़की मोबाइल साथ लेकर नहीं आई

पुलिस के मुताबिक लड़की अपना मोबाइल घर पर ही रख गई थी। इस वजह से उसकी लोकेशन ट्रैस करना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर कॉल रिकॉर्ड निकलवाई। पता चला कि सचिन झा के नंबर पर दो दिन में 501 बार कॉल हुए हैं। पहले फेज में यह पता नहीं था कि लड़की किसी लड़के को मिलने गई है।

एएसआई ने बताया कि लड़की का पता करने के लिए सायबर सेल की मदद ली गई। सायबर सेल ने लड़की के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला।

सोशल मीडिया अकाउंट से खुलासा

लड़की के सोशल मीडिया अकाउंट से पता चला कि वो लुधियाना के सचिन से चैट करती थी। उसके बाद सचिन का कांट्रेक्ट व लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने सचिन की लोकेशन ट्रेस करने के बाद 11 मार्च को उसके घर पर रेड की और लड़की को बरामद किया। पुलिस दोनों को लेकर गई और थाना फोकल प्वाइंट को इस संबंध में सूचित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *