रतलाम के रावटी में वाहन चेकिंग के दौरान नशे में धुत ट्रैक्टर चालक का हंगामा, एसआई की कॉलर पकड़ने का VIDEO सामने आया, पुलिस से झूमाझटकी, छुड़ाने आई महिलाएं भी भिड़ीं, ट्रैक्टर जब्त

रतलाम के रावटी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नशे में धुत ट्रैक्टर चालक और उसके साथी को पकड़ा, तो उन्होंने हंगामा कर दिया। बीच सड़क पर पुलिस और युवकों के बीच झूमाझटकी हुई। युवकों को बचाने आई दो महिलाएं भी पुलिस से भिड़ गईं। इस दौरान एक युवक ने एसआई की कॉलर तक पकड़ ली।

नशे में धुत युवकों ने काफी देर तक ड्रामा किया।

घटना मंगलवार की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। पुलिस ने मारपीट की बात से इनकार करते हुए सिर्फ शराब पीकर वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, रावटी थाने के सब इंस्पेक्टर प्रेमसिंह हठिला और दो पुलिसकर्मी थाने के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP 43 ZE 1628) को रोका गया। इसमें सवार चालक मुन्नालाल (26) और उसका साथी ईश्वर (19) शराब के नशे में मिले। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले जाने लगी, लेकिन वे जाने को तैयार नहीं हुए।

युवकों को पकड़कर ले जाने के दौरान महिला भी बीच में पहुंच गई।

महिला ने युवक को चांटा भी मारा दोनों युवकों को पुलिस से छुड़ाने के लिए दो महिलाएं बीच में आ गईं और पुलिस को रोकने लगीं। इसी दौरान झूमाझटकी की नौबत आ गई। वीडियो में दिख रहा है कि खुद को छुड़ाने की कोशिश में एक युवक ने सब इंस्पेक्टर की वर्दी की कॉलर पकड़ ली। हंगामे के बीच एक महिला ने पुलिस से बदतमीजी कर रहे युवक को चांटा भी मारा और चुप रहने को कहा। लेकिन नशे में होने के कारण वे विवाद करते रहे। आखिर में पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए।

महिलाओं ने युवकों को पुलिस से छुड़ाने की कोशिश की।

टीआई बोले- जैसा वीडियो में दिख रहा, वैसा नहीं हुआ घटना के 3 से 4 वीडियो सामने आए हैं, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है। रावटी थाना प्रभारी सुरेश गडरिया ने कहा, जैसा वीडियो में दिख रहा है, वैसा कुछ नहीं हुआ है। पुलिस के साथ किसी भी प्रकार से कोई झूमाझटकी नहीं हुई है। महिलाएं भी युवकों को समझा रही थीं। शराब के नशे में होने पर दोनों युवकों को पकड़कर थाने लाए और धारा 185 के तहत कार्रवाई कर केस दर्ज किया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।