रतलाम के आलोट में बर्थडे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग: महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मी ने नशे में लाइसेंसी बंदूक से चलाई गोली, पड़ोसी 18 वर्षीय युवक के दोनों पैरों में लगी; आरोपी हिरासत में

रतलाम जिले के आलोट में बर्थडे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। फायरिंग के दौरान गोली आसमान की बजाय सामने की ओर चल गई और पड़ोस में रहने वाले युवक को लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल को आलोट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है

घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे आलोट नगर के प्रमिलागंज इलाके की है। यहां रहने वाला श्याम नायक पिता अमर सिंह अपना जन्मदिन मना रहा था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर कर दिया।

गोली मकान के पास खड़े रोहित (18) पिता कालू नायक के दोनों पैरों की पिंडलियों में लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी श्याम नायक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

महाकाल मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड है आरोपी

आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि गोली चलाने वाला युवक उज्जैन के महाकाल मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। वह अपने घर पर जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान हुए हर्ष फायर में पड़ोसी युवक घायल हो गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *