मुरैना में किसान ने पहले भ्रष्टाचार की शिकायत की। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो RTI (सूचना का अधिकार) लगाकर जानकारी मांगी। इससे नाराज होकर चिन्नोनी थाने के एएसआई कमलेश कुमार जाटव ने किसान को थाने बुलाया और गालियां दी। जेल में डालने की धमकी भी दी।
एएसआई पर किसान को धमकाने के आरोप हैं।
एएसआई के किसान को धमकाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एएसआई किसान से अभद्र भाषा में बात कर रहा है और उसे मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दे रहा है।
किसान के परिजन ने वीडियो बना लिया दरअसल, किसान पान सिंह रावत ने अपनी ही पंचायत में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत 181 पर की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद उसने सूचना का अधिकार लगाकर जानकारी मांगी थी। इसी मामले में सोमवार को एएसआई ने किसान और उसके परिजनों को थाने बुलाकर धमकाया। किसान के परिजनों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
पंचायत में भ्रष्टाचार की कर रहा शिकायत चिन्नोनी गांव के किसान पान सिंह रावत का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से पंचायत में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत 181 पर कर रहा था, लेकिन हर बार शिकायत बिना बताए बंद कर दी जाती थी। इसलिए उसने जनपद पहाड़गढ़ में भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेजों के लिए सूचना का अधिकार लगाया था। इसी बीच सोमवार को एएसआई ने उसे थाने बुलाया और परिजन भी उसके साथ पहुंच गए।
एसआई बोला- होशियारी मत छांटो थाने में एएसआई कमलेश कुमार जाटव के किसान से की गई बातचीत के कुछ हिस्से वीडियो में साफ सुने जा सकते हैं। एएसआई कहता है कि होशियारी मत छांटो, ये तुम्हारा सरपंच-सेक्रेट्री नहीं है। लात देकर अंदर कर दूंगा। तू नेता बनना चाहता है पान सिंह, तुझको समझा रहा हूं।
एएसआई ने यह भी पूछा कि सरपंच के घर पर इतने लोग लेकर क्यों गया था, जबकि किसान का कहना था कि वह अकेला गया था, बाद में लोग खुद ही जमा हो गए।
पुलिस-सरपंच पर मिलीभगत का आरोप किसान पान सिंह रावत का आरोप है कि एएसआई सरपंच से मिला हुआ है। जब शिकायत करता हूं तो सरपंच पुलिस से मिलकर मुझ पर दबाव बनवाता है।
एएसआई पर लगे आरोपों पर थाना प्रभारी एसआई शंभू दयाल बाथम ने कहा कि गांव में पंचायत निर्माण को लेकर विवाद चल रहा है। एएसआई ने कड़े शब्दों का उपयोग किया है। उन्हें व्यवहार में नरमी रखने की समझाइश दी गई है।