देवगुराड़िया बायपास रोड स्थित सहारा सिटी क्षेत्र में पिछले तीन दिन से घूम रहे तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया है। रालामंडल रेस्क्यू टीम ने क्षेत्र में दो पिंजरे लगाए थे। मंगलवार रात पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। माना जा रहा है कि बीती रात शिकार की तलाश में तेंदुआ पिंजरे तक पहुंचा था।
डीएफओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि इस क्षेत्र में तेंदुए के पंजों के निशान मिलने के बाद उसके मूवमेंट की पुष्टि हो गई थी। इसके बाद वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा था।
क्षेत्रवासियों से भी आए दिन तेंदुए के दिखने की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसे देखते हुए सोमवार शाम को पिंजरा लगाया गया और आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों को सतर्क किया गया था।

तेंदुआ के साथ शावक भी
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए के साथ उसके दो शावकों का भी मूवमेंट देखा गया है। वन विभाग अब इस आशंका को ध्यान में रखते हुए आसपास के इलाके में सर्चिंग और निगरानी बढ़ा रहा है। फिलहाल पकड़े गए तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही है।

तेंदुआ वयस्क,जंगल में छोड़ेंगे
डीएफओ ने बताया कि 85 एकड़ की सहारा सिटी के आसपास घना जंगल है। यहां नीलगाय सहित अन्य वन्यप्राणियों का मूवमेंट रहता है। कुछ समय पहले यहां तेंदुए ने कुत्तों का शिकार किया था।
पकड़े गए तेंदुए की उम्र करीब 4 साल है। जिसे मेडिकल परीक्षण के लिए प्राणी संग्रहालय ले जाया जाएगा। सब कुछ ठीक होने की स्थिति में तेंदुए को दूरस्थ जंगल में छोड़ा जाएगा।