रायसेन में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत; युवक 200 मीटर तक विंडस्क्रीन और छत पर लटका रहा, VIDEO वायरल—हादसे के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम किया, पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी रुकवाई

रायसेन में सागर रोड स्थित अमरावत के पास रविवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर गए, जबकि तीसरा व्यक्ति उछलकर कार के आगे के शीशे (विंडस्क्रीन) में फंस गया। इसके बावजूद ड्राइवर कार को करीब 200 मीटर तक दौड़ाता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

3 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम…

व्यक्ति उछलकर कार के आगे के शीशे (विंडस्क्रीन) में फंस गया।

धीरे-धीरे सरककर वह कार की छत पर आ गया। ड्राइवर ने कार नहीं रोकी।

लोग आक्रोशित हो गए और अमरावत इलाके में चक्काजाम कर दिया।

गुस्साए लोगों ने अमरावत में किया चक्काजाम हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और अमरावत इलाके में चक्काजाम कर दिया। लोगों ने मृतक अमित अहिरवार के परिवार को आर्थिक सहायता देने और आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा, एसडीओपी प्रतिभा शर्मा और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल मौके पर पहुंचे। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

पुलिस ने हादसे में घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक अमित अहिरवार के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखा गया है। तीनों युवक बनखेड़ी के रहने वाले थे और रायसेन की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *