नर्मदा जयंती पर बड़वाह में अनूठी श्रद्धा: मछलियों के लिए 25 क्विंटल का भंडारा, परमल-चनों से ढकी नर्मदा, पूजन-महाआरती व हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा

बड़वाह में नर्मदा जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन किया गया। वहीं नगर में एक अनूठा आयोजन देखने को मिला। यहां इंसानों के बजाय मां नर्मदा के जलीय जीवों के लिए विशाल भंडारा आयोजित किया गया। इस दौरान 25 क्विंटल खाद्य सामग्री नर्मदा जल में प्रवाहित कर मछलियों को भोजन कराया गया।

नर्मदा जयंती पर बड़वाह में मछलियों के लिए भंडारा किया गया है।

लगातार तीन साल से हो रहा मछलियों के लिए भंडारा

सुराणा नगर उत्सव समिति और विवेकानंद विचार मंच द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम लगातार तीसरे साल पूरा हुआ। इसमें 1000 किलोग्राम परमल और 1500 किलोग्राम चने सहित कुल 25 क्विंटल सामग्री का इस्तेमाल किया गया। जैसे ही यह सामग्री नावों के माध्यम से नदी के मध्य प्रवाहित की गई, नर्मदा का जल परमल और चनों से ढक गया, जिससे दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत हुआ मानो मां नर्मदा ने सफेद और पीली चादर ओढ़ ली हो।

मां नर्मदा का पूजन-अर्चन और दुग्धाभिषेक हुआ

इस अवसर पर महंत हनुमानदास जी महाराज के सानिध्य में माँ नर्मदा का पूजन-अर्चन और दुग्धाभिषेक किया गया, जिसके बाद महाआरती हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष निशांत खरे, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खरगोन जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे और विधायक सचिन बिरला उपस्थित रहे। इन अतिथियों ने स्वयं नाव में बैठकर नदी के बीच जाकर मछलियों को भंडारा करवाया।

25 क्विंटल में आहार मछलियों के लिए नदी में डाला गया।

कार्यक्रम में होगा मछलियों का भंडारा

विवेकानंद विचार मंच के संयोजक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सुराणा ने बताया कि यह प्रदेश का एकमात्र ऐसा आयोजन है जहां मछलियों का भंडारा होता है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जीव दया के प्रति जागरूकता और नर्मदा की स्वच्छता बनाए रखना है, क्योंकि मछलियां ही नदी की प्राकृतिक सफाई करती हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संगठन के लोगों की उपस्थिति पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री विवेक भटोरे, हरिसिंह चावड़ा, जिला मंत्री कैलाश जाट, अमिता माहेश्वरी, मंडल अध्यक्ष खुमान जाट, लायंस क्लब अध्यक्ष, प्रो. सबलसिंह रावत, दीपक ठाकुर, चंद्रपाल सिंह तोमर, गणेश पटेल, राजेश जायसवाल, निर्मल दुबे सहित बड़ी संख्या में नर्मदा भक्त और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

लगातार तीन साल से बड़वाह में मछलियों के लिए भंडारा किया जा रहा है।

भक्तों पर हेलिकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा

नर्मदा जयंती के अवसर पर नावघाट खेड़ी स्थित नर्मदा के उत्तर तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से देर शाम तक प्रवेश मार्ग से लेकर घाट तक केवल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव के मुख्य मुहूर्त पर 108 दीपों के साथ मां नर्मदा की महाआरती की गई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेलिकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा रही।

इस दौरान हजारों श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेलिकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा रही। दादाजी धाम के श्री छोटे सरकार ने प्रतिवर्ष की परंपरा निभाते हुए मां नर्मदा और भक्तों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा करवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *