ग्वालियर में शादी समारोह बना रणक्षेत्र: DJ बंद कराने पर भड़के बारातियों ने दुल्हन के चाचा के मुंह पर मारी लात, जमीन पर घसीटकर पीटा; पूरी मारपीट CCTV में कैद

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शादी में दूल्हा और दुल्हन पक्ष में जमकर मारपीट हुई। डीजे बंद कराने को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। दूल्हे के भाई और उसके दोस्तों ने दुल्हन के चाचा के मुंह और छाती पर लात मारी। जमीन पर गिराकर पीटा। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला गिरवाई थाना क्षेत्र का है।

ग्वालियर में बारातियों ने दुल्हन के चाचा को जमकर पीटा। लात मारते CCTV फुटेज।

जानकारी के मुताबिक घायल का नाम कमल कुशवाह है। वह दुल्हन का चाचा है। दुल्हन के चाचा के मुंह और में अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूल्हे के भाई और उसके कुछ दोस्तों के खिलाफ FIR दर्ज किया है।

वारदात से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…

दूल्हे के भाई और उसके दोस्तों ने मारी लात।

हाथ मुक्के से मारपीट करते नजर आ रहे बाराती

भीड़ ने दुल्हन के चाचा को घेरकर पीटा।

रात 12 बजे डीजे बजाने को लेकर विवाद

पीड़ित कमल कुशवाह ने बताया कि कृष्णायन मैरिज गार्डन में उनकी भतीजी की शादी हो रही थी। बारात आ चुकी थी। समारोह सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन रात 12 बजे के बाद भी डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया।

कलेक्टर के आदेश के तहत रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर प्रतिबंध है। इसी नियम का हवाला देकर उन्होंने डीजे बंद कराने की बात कही। इससे दूल्हे का भाई नाराज हो गया। वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने मारपीट कर दी।

मारपीट के दौरान मची अफरा-तफरी

शिकायत के अनुसार, जब विवाद बढ़ा तो दूल्हे के भाई के साथ मौजूद उसके कुछ दोस्त भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर कमल कुशवाह को बाहर खींच लिया। उनके साथ मारपीट की। इस दौरान शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुल्हन के चाचा को बारातियों ने बरसाए थप्पड़

CCTV फुटेज में दिख रहा है कि दुल्हन के चाचा कमल को बाराती घेर लेते हैं। गाली-गलौज कर कॉलर पकड़ लेते हैं। कमल को धक्का देकर थोडी दूर ले जाते हैं। वहां थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाने लगते हैं। इस दौरान कमल जमीन पर गिर जाते हैं। इसके बाद बाराती जमकर पीटते दिख रहे हैं।

पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर कर रही जांच

मामले में गिरवाई थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि मारपीट की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूल्हे के भाई और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *