धार जिले में एक महिला ने 5 लोगों पर बंधक बनाकर पीटने और गैंगरेप करने की कोशिश का आरोप लगाया है। आरोपियों में तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस FIR दर्ज कर जांच में जुट गई है।
मामला धामनोद थाना इलाके में रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे का है। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें 38 वर्षीय पीड़िता पुलिस और कुछ लोगों के साथ खड़ी दिख रही है। उसके शरीर पर बहुत कम कपड़े दिख रहे हैं।

जेसीबी से बाउंड्री वॉल के खंभे तोड़े
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया- हमारे खेत से ही आरोपी असुबाई की जमीन लगी है। रविवार को असुबाई, उसके बेटे अमित और गोपाल मिलकर जेसीबी मशीन से जमीन समतल करवा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हमारे घर के पीछे बनी बाउंड्री वॉल के खंभे तोड़ दिए।
मैंने इसकी शिकायत की तो आरोपी बहस करने लगे। फिर लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर में ही असु बाई की बेटियां- अतिना और हेमा भी मौके पर पहुंच गईं। सभी ने मिलकर मुझे पकड़ा और खींचकर कमरे में ले गए। यहां मारपीट की। मेरी साड़ी उतार दी।
इसके बाद अमित और गोपाल ने मेरे साथ छेड़खानी की। गैंगरेप करने की कोशिश की। मैं उनको धक्का देकर कमरे से बाहर भागी। बाहर आकर चिल्लाई तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। डायल 100 मौके पर पहुंची और हमें थाने लेकर आई।
सभी आरोपी फरार, तलाश रही पुलिस
धामनोद पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें छापे मार रही हैं।