
जंजीरवाला चौराहा क्षेत्र में क्लिनिक संचालित करने वाले एक डॉक्टर को 1 करोड़ रुपए के लिए धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलिस कमिश्नर को शिकायत की गई थी।
तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव ने बताया घटना डॉक्टर अर्पित चोपड़ा (43) निवासी महालक्ष्मी नगर के साथ हुई। डॉक्टर ने बताया कि उनका आरोग्य सुपर स्पेशियलिटी मॉडर्न होम्योपैथिक के नाम से क्लिनिक है। उन्होंने विजय कौशिक निवासी खिलचीपुर राजगढ़ को रखा था। वह मरीजों के फीडबैक के वीडियो प्रमोशन एक्टिविटी के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। इससे कोई लिखित अनुबंध नहीं था। इसे 2023 में वीडियो अपलोड करने के लिए 3 लाख रुपए महीना से काम दिया था। व्यवहार में होने के कारण 12 लाख एडवांस भी दिए। इस तरह करीब 27 लाख ये ले चुका था।
20 सितंबर की रात मांगे 1 करोड़ रुपए – डॉक्टर ने बताया कि विजय कौशिक ने 20 सितंबर की रात 2.47 बजे कुछ धमकी भरे वाइस मैसेज भेजे। इनमें गालियां व जान से मारने की धमकी देने के साथ ही 1 करोड़ रुपए मांगे। बोला- रुपए नहीं देने पर कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम कर देगा। स्टाफ से झूठी शिकायत करवाकर दुष्कर्म में फंसा देगा। डॉक्टर ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर को सबूत के साथ शिकायत की तो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।