
एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं है कि मुंबई में बिहार के एक और एक्टर अक्षत उत्कर्ष की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अक्षत की हत्या की गई है। उन्होंने मुंबई पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। मुंबई पुलिस ने परिजनों को अक्षत की मौत के मामले में दर्ज हुई प्राथमिकी की कॉपी भी नहीं दी। अक्षत मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह परिजन अक्षत के शव को विमान से लेकर पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से परिजन शव को मुजफ्फरपुर ले गए।
26 साल के टीवी एक्टर अक्षत उत्कर्ष का मृत शरीर रविवार की रात मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट में मिला था। अम्बोली पुलिस के अनुसार, अक्षत काम ना होने की वजह से डिप्रेशन का शिकार थे, जिसके चलते उन्होंने सुसाइड का रास्ता चुना। हालांकि, अक्षत के परिवार ने डिप्रेशन की बातों का विरोध किया और दावा किया कि एक्टर की हत्या हुई है। मुंबई पुलिस के हवाले से एएनआई ने ट्वीट कर बताया कि अक्षत ने अंधेरी इलाक़े में स्थित अपने आवास पर सुसाइड कर ली थी। केस दर्ज़ कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिवार को सौंप दी गयी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अक्षत अपनी एक महिला मित्र के साथ अंधेरी आरटीओ के पास एक सोसाइटी में रहते थे। अक्षत की मित्र के स्टेटमेंट के अनुसार, रविवार शाम तक उनका व्यवहार सामान्य था। उन्होंने सामान्य रूप से बातचीत की और सोने से पहले साथ में खाना खाया।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में अम्बोली पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर सोमेश्वर कांथे के हवाले से बताया गया कि एक्सीडेंटल मौत की रिपोर्ट दर्ज़ करके मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी गयी है। आरम्भिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। घटना रविवार रात 10 से 11.30 बजे के बीच की है। दोस्तों से पूछताछ में सामने आया कि अक्षत लॉकडाउन में काम ना होने की वजह से परेशान थे और उन्हें दोस्तों और परिवार से उधार मांगकर गुज़ारा करना पड़ रहा था।
हालांकि, परिवार ने मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और हत्या की आशंका ज़ाहिर की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जो उसे मंगलवार को गृहनगर मुज़फ़्फ़रपुर ले गये।