वैक्सिनेशन कैंप नहीं लगाए जाने पर एयर इंडिया के पायलटों ने काम बंद करने की दी चेतावनी

कोरोना महामारी की गंभीरता को देखते हुए वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है. इसी के चलते एयर ​इंडिया के पायलट संघ ICPA ने कड़ी चेतावनी दी है. पायलट संघ के मुताबिक जब तक सभी कर्मचारियों खासतौर पर फ्लाइंग क्रू को कोरोना वैक्सीन नहीं लगेगी वे विमान नहीं उड़ाएंगे. इसके लिए पायलट संघ ने एयर इंडिया  के परिचालन निदेशक आर.एस. संधू को पत्र भेजा है.इसमें लिखा गया, “फ्लाइंग क्रू को कोई हेल्थकेयर सपोर्ट नहीं है, ना ही कोई बीमा है और बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जा रही है. ऐसे में हम टीकाकरण के बिना अपने पायलटों की जिंदगी को खतरे में नहीं डाल सकते हैं.”

संघ ने विमान चालकों और क्रू की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा, “हमारी वित्तीय स्थिति पहले ही बिगड़ी हुई है. इसके बावजूद हम अपने सहयोगियों और उनके परिवारों को कवरेज देने के लिए प्रावधान कर रहे हैं. क्योंकि हमारे काम पर जाने से अनजाने में परिवार वालों तक वायरस पहुंचने का खतरा है.”

टीकाकरण फेल होने पर पायलट नहीं करेंगे काम:-ICPA के मुताबिक यदि एयर इंडिया प्राथमिकता के आधार पर 18 वर्ष से अधिक आयु के फ्लाइंग क्रू के लिए टीकाकरण शिविर लगाने में विफल रहती है, तो हम काम बंद कर देंगे. इस वक्त कई चालक दल के सदस्य कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं और वे ऑक्सीजन सिलेंडर पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

एयर इंडिया से सहयोग न मिलने पर जताया गुस्सा:-एयर इंडिया कंपनी से कर्मचारियों को सहयोग न मिलने पर पायलट संघ काफी गुस्से में है. उनका कहना है, “हमें अस्पताल में भर्ती होने के लिए खुद छोड़ दिया जाता है. प्रबंधन की ओर से कोई मदद नहीं की जाती. महज सर्कुलर जारी किया जाता है. इससे ​कोई हल नहीं निकलता है. हम इस महामारी के दौरान नागरिकों की भलाई के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, लेकिन हमारे बलिदान के बदले में हमारा वेतन काटा जा रहा है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *