NSA अजीत डोभाल ने कुंभ मेले के आयोजन की तारीफ में नहीं लिखी कोई चिट्ठी, अधिकारियों ने बताया FAKE

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के नाम से कुंभ मेले के सफलतापूर्वक आयोजन पर लिखी गई एक चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, लेकिन भारत सरकार के अधिकारियों ने इसे फेक बताया है. वायरल हो रही चिट्ठी के मुताबिक, एनएसए अजीत डोभाल ने हरिद्वार में कुंभ मेले के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए उत्तराखंड के अधिकारियों की प्रशंसा की है. इस पर अधिकारियों ने बताया, “यह लेटर फेक है और एनएसए ने इस तरह की कोई चिट्ठी नहीं लिखी है.” इस ‘फर्जी लेटर’ में अजीत डोभाल ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव को संबोधित किया है और उन्हें ‘कुंभ मेले में स्थिति को संभालने के लिए’ बधाई दे रहे हैं.

लेटर में अंत लिखा गया है कि कुंभ मेला के सफलतापूर्वक आयोजन से देश में एक धार्मिक माहौल बनेगा, एक अनुशासन पैदा होगा और भविष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा को बढ़ावा देने का मौका मिलेगा.

बता दें कि देश में निश्चित अवधि में चार जगहों पर- नासिक, हरिद्वार, प्रयागराज और उज्जैन में कुंभ होता है. हरिद्वार में हर 12 साल पर कुंभ का आयोजन होता है. सामान्य परिस्थितियों में कुंभ चार महीनों तक चलता है, लेकिन इस साल कोविड के चलते इसे घटाकर एक महीने तक सीमित कर दिया गया है.

पीएम मोदी ने सोमवार को एक ट्वीट कर बताया था कि उन्होंने कुंभ में कुछ बड़े साधुओं से बात करके इसे इस प्रतीकात्मक तौर पर मनाने की अपील की है. इसे कई बड़े संतों का सहयोग मिला और फिर कुंभ को एक महीने तक सीमित कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *