
देश में जानलेवा कोरोना वायरस ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है. दूसरी लहर में मामलों में आ रही तेजी से स्थिति भयानक हो चली है. देश में टीकाकरण अभियान भी चल रहा है, बावजूद इसके स्थिति सुधरने के बजाय बिगड़ती जा रही है. अब बढ़ते मामलों के बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है. एसोसिएशन ने पत्र लिखकर पीएम मोदी से अपील की है कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाए और वैक्सीनेशन प्रोग्राम में तेजी लाए जाए.
एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में अपील की कि 18 साल से ज्यादा उम्र वाले सभी लोगों को वैक्सीनेशन प्रक्रिया में शामिल किया जाए. IMA ने पत्र में लिखा कि महामारी की दूसरी लहर पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है. इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीते रविवार को कोरोना संक्रमण के 1 लाख से ज्यादा मामले सामने आए, जो कि महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक के सभी आंकड़ों में सबसे ज्यादा संख्या है.
पत्र में लिखा गया कि देश में एक्टिव मामलों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. देश में एक्टिव मामले फिलहाल 7,88,223 हैं. वहीं अब तक 8,31,10,926 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है. इनमें से 43,00,966 लोगों का वैक्सीनेशन सोमवार को किया गया.
एसोसिएशन ने कहा कि अभी हम 45 साल से ज्यादा उम्र वाले सभी लोगों का वैक्सीनेशन कर रहे हैं. मगर कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार के प्रभाव को देखते हुए हमारा सुझाव है कि वैक्सीनेशन प्रोग्राम में तेजी लाई जाए. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने सरकार को दिए अपने सुझाव में कहा कि 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों का वैक्सीनेशन किया जाए ताकि कोरोना के प्रसार को रोका जा सके और उससे लड़ने के लिए लोगों में इम्युनिटी डेवलप की जा सके.