इंदौर। कलेक्टोरेट में पदस्थ जॉइंट डायरेक्टर के खिलाफ गलत तरीके से छूने का आरोप, उनके ही दफ्तर की महिला कर्मचारी ने की शिकायत

टीएस बघेल, जॉइंट डायरेक्टर, ट्रैजरी एंड अकाउंट  विभाग, जिन पर छेड़छाड़ के आरोप लगे।

कलेक्टोरेट में पदस्थ क्लास वन अधिकारी ट्रैजरी एंड अकाउंट विभाग के जॉइंट डायरेक्टर टीएस बघेल पर उनके ही दफ्तर की एक महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला ने संभागायुक्त और कलेक्टर से शिकायत की है। शिकायत के बाद कलेक्टर ने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गठित की गई कमेटी के पास जांच के लिए भेजा है। वहीं बघेल का कहना है कि मुझे कुछ नहीं कहना है। मामले की जांच कमेटी कर रही है।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना 13 मार्च को दोपहर तीन बजे कोठारी मार्केट स्थित महाराजा कॉम्प्लेक्स के विभाग ऑफिस में हुई। मैं काम कर रही थी, तभी विभाग प्रमुख बघेल आए और कहा कि कहां थी, दिखी नहीं? मैंने कहा मैं यहीं काम कर रही थी।

वे बात करते-करते हुए मेरी कुर्सी के पीछे आ गए और कक्ष को देखते हुए वापस लौटते समय अभद्रता पूर्वक पीछे से मेरे गाल को छुआ। मैंने इसका विरोध किया तो वह वहां से चले गए।

महिला ने शिकायत में आगे बताया कि जिस दिन यह घटना हुई उस दिन अन्य अधिकारी जांच केस में बाहर गए हुए थे। वहीं अन्य दो महिला अधिकारी छुट्टी पर थी। उस कक्ष में मेरे सिवा कोई अधिकारी नहीं था। इसे अवसर समझकर उन्होंने इस तरह का काम जानबूझकर किया।

पहले भी उनके द्वारा मेरी वेशभूषा, निजी जीवन पर अमर्यादित टिप्पणी की गई है और अन्य कार्यालयीन अधिकारी कर्मचारी के साथ भी इसी तरह का अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जाता रहा है। कार्यालय प्रमुख होने के कारण कोई भी उनके इस व्यवहार का विरोध नहीं कर पाया। मेरी मांग है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बघेल के व्यवहार को लेकर अन्य अन्य महिला अधिकारी भी कलेक्टर से शिकायत कर चुकी हैं।

बघेल से बात की तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। कमेटी इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गठित कमेटी के पास उक्त शिकायत को भेजा गया है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *