Amazon दे रहा रेल टिकट बुकिंग की सुविधा,जुड़ा नया फीचर; पहली बुकिंग पर कैशबैक भी

अमेजन इंडिया ने बुधवार को बताया कि उसने अपने प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों को आरक्षित रेल टिकट बुकिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) के साथ साझेदारी की है। बता दें कि लगभग डेढ़ साल पहले अमेजन ने अपने प्लेटफॉर्म के जरिए फ्लाइट टिकट बुक करने की सुविधा शुरू की थी. उसके बाद नवंबर 2019 में बस टिकट बुकिंग का फीचर एड किया. अब कंपनी ने ग्राहकों को रिजर्व्ड ट्रेन टिकट बुक करने की सुविधा भी दे दी है.
अमेजन अपने प्लेटफॉर्म से पहली ट्रेन टिकट बुकिंग पर 10 फीसदी कैशबैक दे रही है, जो कि 100 रुपये तक है. वहीं प्राइम मेंबर्स को थोड़ा ज्यादा 12 फीसदी कैशबैक मिल रहा है, जो कि 120 रुपये तक है. कैशबैक ऑफर सीमित अवधि के लिए मान्य है. नए फीचर के तहत शुरुआती अवधि के लिए कंपनी ने सर्विस व पेमेंट गेटवे ट्रांजेक्शन चार्जेस से छूट दी है.

इंस्टैंट रिफंड
अमेजन ऐप पर ट्रेन टिकट बुक करते वक्त सभी ट्रेनों में सीट व कोटा की उपलब्धता को चेक किया जा सकता है. अमेजन से बुक की गई टिकट्स के लिए ग्राहकों के पास लाइव PNR स्टेटस चेक, ​बुक की गई टिकट को डाउनलोड व कैंसिल करने की सुविधा जैसे कई विकल्प मौजूद हैं. अमेजन पे बैलेंस का इस्तेमाल कर बुक की गई ट्रेन टिकट को कैंसिल करने पर या बुकिंग फेल होने पर ग्राहकों को तुरंत रिफंड हासिल होगा.

ऐप में कहां मिलेगा फीचर
अमेजन का ट्रेन टिकट बुकिंग फीचर एंड्रॉयड व iOS दोनों तरह के ऐप यूजर्स के​ लिए उपलब्ध है. अमेजन ऐप पर अमेजन पे टैब में ट्रैवल कैटेगरी के तहत फ्लाइट, बस और ट्रेन टिकट बुकिंग फीचर मौजूद है. यूजर आसानी से रेल यात्रा का रूट, यात्री की तारीख आदि सिलेक्ट कर सकते हैं और उनके सामने सभी उपलब्ध ट्रेनों की लिस्ट आ जाएगी. पेमेंट के लिए अमेजन पे बैलेंस/अमेजन पे ICICI क्रेडिट कार्ड या अन्य डिजिटल पेमेंट माध्यम का इस्तेमाल किया जा सकता है. अमेजन से बुक की गई ट्रेन टिकट कैंसिल करने के लिए ‘योर ऑर्डर्स’ सेक्शन में जाकर ऐसा किया जा सकता है. बुक हो चुकी टिकट भी इसी सेक्शन में दिखेगी.

एक बार में 6 लोगों की बुकिंग
टिकट को यात्रा से 120 दिन पहले तक एडवांस में बुक किया जा सकता है. एक बार में अधिकतम 6 लोगों के लिए ट्रेन टिकट बुक कर सकते हैं. तत्काल टिकट बुकिंग के मामले में एक ट्रांजेक्शन में मैक्सिमम 4 लोगों के लिए टिकट बुक की जा सकती है. ऐप पर रेल यात्रा से जुड़ी ताजा सेफ्टी गाइडलाइंस भी मौजूद हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *