
अमेरिका के लॉस वेगास में 41 वर्षीय व्यक्ति उड़ान भरने के लिए तैयार एक विमान के पंख पर चढ़ गया। व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में जांच की जा रही है । लॉस वेगास मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग ने बताया कि शनिवार को मैकरन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति अलास्का एयरलाइंस के विमान के पंख पर चढ़ गया। उड़ान में सवार एक यात्री एरिन इवांस ने बताया कि व्यक्ति पंख पर करीब 45 मिनट तक रहा।
लॉस वेगास से पोर्टलैंड जा रहे विमान के पायलट ने उड़ान के पहले एक व्यक्ति को करीब आते हुए देखा और नियंत्रण टावर को इस बारे में सूचना दी।
यात्री इवांस ने घटना का वीडियो बनाया और उसे फेसबुक पर अपने पेज पर पोस्ट कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम उसे विमान के पंख पर देख हैरान रह गए। हमें लगा कि कहीं वह किसी आतंकी वारदात के लिए तो नहीं आया है। बाकी यात्रियों के चेहरे पर भी डर दिख रहा था। विमान में अजीब सा डर का माहौल हो गया था।”
इस दौरान यात्रियों को विमान में ही रहने को कहा गया और उस व्यक्ति को विमान के पंख से उतरने को कहा गया। वह काफी देर तक विमान के पंख से नहीं उतरा। इसके बाद पुलिस ने शूट करने की चेतावनी दी, जिसके बाद वह विमान के पंख से नीचे उतरा आया। पुलिस ने हवाई अड्डे में अनधिकृत तौर पर घुसने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है कि आखिर वह विमान के पंख तक कैसे पहुंच गया।
अलास्का एयरलाइंस की वेबसाइट के अनुसार, इस पूरी घटना के चलते विमान के उड़ान भरने में भी देरी हुई ,जिसके चलते यात्री अपने गंतव्य तक देरी से पहुंच सके।