
इंदौर में स्कॉर्पियो ने फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग को कुचल दिया। बुजुर्ग की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला रविवार का है। आज मंगलवार को सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
घटना स्नेह नगर में रविवार दोपहर की है। ICICI बैंक के बाहर फुटपाथ पर स्कॉर्पियो खड़ी थी। यहीं एक बुजुर्ग सो रहा था। ड्राइवर ने बैठते ही तेज स्पीड में कार चलाई। कार का अगला पहिया बुजुर्ग के ऊपर से गुजर गया। पिछला पहिया बुजुर्ग पर चढ़ा तो वहां मौजूद लोगों ने ड्राइवर को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने कार रिवर्स ली, तब बुजुर्ग को उसके नीचे से निकाला जा सका।
घटना के बाद कार ड्राइवर ने बुजुर्ग को एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल भेजा। यहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। जूनी इंदौर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। हालांकि, वह जमानत पर छूट गया।
स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग को कुचल दिया।
गाड़ी आगे-पीछे करने के दौरान तीन बार कुचला
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि ड्राइवर ने जब गाड़ी निकाली तो बुजुर्ग के ऊपर से पहला पहिया गुजर गया। जब तक कुछ समझ में आता, तब तक दूसरा पहिया भी बुजुर्ग पर चढ़ चुका था। सामने से एक व्यक्ति ने आकर ड्राइवर को गाड़ी पीछे लेने की बात कही। स्कॉर्पियो रिवर्स करने के दौरान उसने दूसरा पहिया दोबारा चढ़ा दिया। गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।