चम्बा में वफादारी की मिसाल: बर्फीली ठंड में 4 दिन तक मृत मालिक के शव के पास डटा रहा वफादार कुत्ता, भरमौर की घटना ने सबको भावुक किया

चम्बा:हिमाचल प्रदेश चम्बा जिले के भरमौर से वफादारी की एक ऐसी मर्मस्पर्शी तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत और जानवरों के रिश्ते को एक नई ऊंचाई दे दी है. जहां कड़ाके की ठंड में इंसान का घर से निकलना मुहाल है. वहीं, एक वफादार कुत्ते ने भारी बर्फबारी के बीच चार दिनों तक अपने मृत मालिक के शव को अकेला नहीं छोड़ा.

जानकारी के अनुसार, भरमौर के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्र में एक व्यक्ति की बर्फबारी और ठंड की चपेट में आने से मौत हो गई थी. जब चार दिनों बाद बचाव दल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सबकी आंखें नम हो गईं. व्यक्ति का शव बर्फ से ढका हुआ था. लेकिन उसका पालतू कुत्ता वहीं जम कर बैठा था. इन चार दिनों में न तो उस बेजुबान ने कुछ खाया और न ही अपनी जगह छोड़ी. उसने न केवल बर्फीले तूफान का सामना किया, बल्कि जंगली जानवरों से भी अपने मालिक के शरीर की रक्षा की.

रेस्क्यू टीम भी रह गई दंग

जब रेस्क्यू टीम शव को उठाने के लिए आगे बढ़ी, तो शुरुआत में कुत्ता काफी आक्रामक हो गया. उसे लगा कि शायद कोई उसके मालिक को नुकसान पहुंचाने आया है. काफी मशक्कत और पुचकारने के बाद जब उसे अहसास हुआ कि ये लोग मदद के लिए आए हैं, तब जाकर वह वहां से हटा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *