
इंदौर। पत्नी पर चरित्र शंका के शक में पिता ने अपनी ही तीन माह की मासूम बेटी को हौज में डूबा कर मार डाला। दंपती इंदौर के खजराना मंदिर के बाहर हार-फूल बेचने का कारोबार करता है। आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा और बेटी की हत्या की शिकायत करता रहा। इस पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन उनकी अपराध में लिप्तता नहीं मिली। जब आरोपी पति से सख्ती से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया।खजराना मंदिर क्षेत्र में रहने वाला यह दंपती गुरुवार रात अपनी तीन महीने की बच्ची के साथ सो रहा था। सुबह जब मां की आंख खुली तो बच्ची उनके पास नहीं थी। दंपती ने तुरंत उसे ढूंढ़ना शुरू किया। कुछ देर बाद मासूम बच्ची समीप के एक हौज में मिली। पिता कालू ने ही उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दंपती ने घटना की सूचना पुलिस को दी। माता-पिता ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले फुटपाथ पर सोने को लेकर उनका एक युवक से विवाद हुआ था। पुलिस ने शक के आधार पर उस युवक व एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन अपराध में उनकी कोई सहभागिता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने पति से कड़ाई से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
बच्ची को लेकर शक करता था…
आरोपी कालू को शक था कि यह बच्ची उसकी नहीं है। इसे लेकर वह अक्सर पत्नी से विवाद करता था। पुलिस के अनुसार बच्ची की मां ने बताया था कि तीन माह की बच्ची हौज तक नहीं पहुंच सकती। आरंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची को डूबोकर मारने की आशंका जताई गई है। उसके पेट पर उंगलियों के गहरे निशान हैं।